भारत के लिए न्यूजीलैंड से आई खुशखबरी, जल्द लागू होगा FTA; भारतीय उत्पादों पर नहीं लगेगा टैक्स

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने FTA को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा है कि यह डील दोनों देशों के लिए बहुत लाभकारी होगी। FTA से इतर दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य भी तय किया है।

india new zealand fta
पीएम मोदी जुलाई में न्यूजीलैंड गए थे

अमेरिका की भारत पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की धमकी के बीच भारत के लिए न्यूजीलैंड से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां न्यूजीलैंड की संसद ने बुधवार को भारत के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते यानी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट(FTA) को लागू करने वाले बिल को मंजूरी दे दी है। इससे FTA लागू होने का रास्ता साफ हो गया है। अब औपचारिक प्रक्रिया के बाद जल्द ही यह समझौता लागू हो जाएगा। इसके साथ ही न्यूजीलैंड में भारतीय उत्पादों को ड्यूटी फ्री एक्सेस मिल जाएगा। वहीं न्यूजीलैंड के उत्पादों पर भी भारत में ना के बराबर टैक्स लिया जाएगा।

खास बात यह है कि न्यूजीलैंड की संसद में इस बिल को सरकार के अलावा विपक्षी दलों का भी सहयोग मिला। इसके बाद संसद में यह बिल 93-29 के बहुमत से पास हुआ। विपक्ष की लेबर पार्टी ने भी भारत से जुड़े इस बिल का समर्थन किया। इससे पहले दोनों देशों के बीच बीते अप्रैल महीने में FTA पर सहमति बनी थी।

क्या बोले न्यूजीलैंड के पीएम लक्सन?

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत के साथ FTA पर संसद की अंतिम मंजूरी मिलने पर इसे ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “लोग मुझसे कहते थे कि भारत के साथ समझौता संभव नहीं है। लेकिन आज यह समझौता संसद से पास हो गया। अब यह सच होने जा रहा है।” लक्सन ने आगे इस समझौते को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा, "यह समझौता न्यूजीलैंड में रोजगार और लोगों की आय बढ़ाएगा। साथ ही भारत के 1.4 अरब लोगों के बाजार के दरवाजे न्यूजीलैंड के उत्पादों के लिए खुल जाएंगे।"

पीएम मोदी की ऐतिहासिक यात्रा

FTA पर सहमति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते जुलाई में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक यात्रा पर भी पहुंचे थे। यहां दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर मुहर लगी। समझौतों में 4 सालों में संबंधों को विस्तार देने, इंडो पैसिफिक रीजन में सहयोग बढ़ाने और भारतीय नौसेना और न्यूजीलैंड रक्षा बल के बीच सहयोग बढ़ाना शामिल है। इसके अलावा पीएम मोदी और लक्सन की मुलाकात के बाद दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 35,000 करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।

FTA जल्द होगा लागू

न्यूजीलैंड के ट्रेड मिनिस्टर टॉड मैक्ले ने उम्मीद जताई है कि यह समझौता इसी साल लागू हो सकता है। उनके मुताबिक दोनों देशों में जरूरी कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा किए जाने के बाद यह फ्री ट्रेड डील आधिकारिक तौर पर प्रभावी हो जाएगी। इसके बाद न्यूजीलैंड से भारत आने वाले लगभग 95 प्रतिशत सामानों पर कस्टम ड्यूटी या तो खत्म हो जाएगी या बेहद कम हो जाएगी। वहीं आधे से ज्यादा उत्पाद लागू होने के पहले ही दिन से पूरी तरह ड्यूटी-फ्री हो जाएंगे।

भारत के लिए डील में क्या खास?

FTA के तहत भारतीय सामानों को न्यूजीलैंड में ड्यूटी-फ्री एंट्री मिलेगी। यानी न्यूजीलैंड जाने वाले सभी भारतीय सामानों को बिना किसी सीमा शुल्क के प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा न्यूजीलैंड ने अगले 15 सालों में भारत में 20 अरब न्यूजीलैंड डॉलर यानी लगभग 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने पर सहमति जताई है। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsभारत के लिए न्यूजीलैंड से आई खुशखबरी, जल्द लागू होगा FTA