पाक को लेकर तारिक के रुख पर भारत की नजर, असम से PM मोदी का कांग्रेस पर हमला; टॉप-5 न्यूज
Tarique Rahman: बांग्लादेश में बीएनपी की ऐतिहासिक जीत के बाद तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने से बस एक कदम दूर है। बीएनपी की पाकिस्तान के प्रति करीबी को देखते हुए भारत की नजर अब तारिक रहमान के पाकिस्तान के प्रति रुख पर हैं।

बांग्लादेश में दिवंगत खालिदा जिया के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उनके निधन के बाद इस पार्टी की बागड़ोर फिलहाल उनके बेटे के हाथों में है। खालिदा जिया के प्रधानमंत्री रहते समय बीएनपी और पाकिस्तान की करीबी को देखते हुए भारत अब तारिक रहमान के पाकिस्तान के प्रति रुख पर नजर बनाए हुए है। दूसरी तरफ असम में पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने यहां कहा कि कांग्रेस भारत को एक राष्ट्र के रूप में स्वीकार नहीं करती है। ऐसे में उससे राष्ट्र के भलाई की उम्मीद करना बेमानी है।
देश-दुनिया की पांच खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ…
PAK को लेकर क्या रहेगा तारिक रहमान का रुख, हर कदम पर रहेगी भारत की नजर
बांग्लादेश में नई सरकार बनने वाली है। प्रधानमंत्री के रूप में बीएनपी के तारिक रहमान शपथ लेंगे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान को लेकर तारिक रहमान का रुख क्या रहता है। गौरतलब है कि केयरटेकर प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस के सत्ता में रहने के दौरान दोनों देशों के बीच संबंध काफी बेहतर हुए थे। यूनुस पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान को बहुत कुछ दिया। उन्होंने पाकिस्तान के लिए वीजा शर्तों में ढील दी। पढ़ें पूरी खबर…
भारत को राष्ट्र मानने से इनकार करती है कांग्रेस... असम में गरजे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की धरती से कांग्रेस पार्टी के ऊपर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को भारत का बुरा चाहने वाली और आतंकी सोच रखने वालों के साथ चलने वाली पार्टी बताते हुए उसकी तीखी आलोचना की और कहा कि यह भारत को एक राष्ट्र मानने से इनकार करती है, इससे राष्ट्र के भले की उम्मीद नहीं की जा सकती। इतना ही नहीं उन्होंने विपक्षी दल पर असम में केवल तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करते तथा विकास और शांति की उपेक्षा करने के भी आरोप लगाये। गौरतलब है कि असम में विधानसभा चुनाव के पहले पीएम मोदी का यह दौरान काफी अहम माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
UGC समर्थक प्रदर्शन में बदसलूकी की शिकार, कौन हैं रुचि तिवारी; जानिए पूरा मामला
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की गाइडलाइन्स के ऊपर भले ही सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है, लेकिन इन गाइडलाइन्स ने यूनिवर्सिटी कैंपस में बवाल मचा रखा है। शुक्रवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी में इन गाइडलाइन्स के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लेफ्ट विंग के छात्र संगठनों में एक सवर्ण महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी की गई। इसके बाद वहां पर हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस घटना के बाद एबीवीपी और लेफ्ट छात्र आमने-सामने आ गए देर रात तक यूनिवर्सिटी कैंपस से लेकर मॉरिस नगर पुलिस थाने के बाहर तर नारेबाजी और धक्के-मुक्की का दौर चलता रहा। सैकड़ों की संख्या में छात्र और छात्रा थाने के बाहर जाकर महिला पत्रकार के साथ हुई बदसलूकी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते नजर आए। पढ़ें पूरी खबर…
BJP ने बांग्लादेश चुनाव में जीती एक सीट, सोशल मीडिया पर खूब वायरल; हकीकत क्या
बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बीएनपी ने बहुमत हासिल किया है। लेकिन अगर हम आपसे बताएं कि बांग्लादेश में एक सीट बीजेपी ने भी जीती है तो आपको कैसा लगेगा? निश्चित तौर पर आप चौंक जाएंगे, लेकिन इसमें एक ट्विस्ट है। असल में यह भारत की सत्ताधारी बीजेपी नहीं है। यह बांग्लादेश जातीय पार्टी है, जिसका शॉर्ट फॉर्म बीजेपी होता है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब कमेंट्स हो रहे हैं, जहां बांग्लादेश की बीजेपी को भारत की बीजेपी समझा जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
मुंबई में बड़ा हादसा; मेट्रो पिलर का हिस्सा टूटकर गिरने से एक की मौत, तीन घायल
मुंबई में बड़ा हादसा हुआ है। मेट्रो के पिलर का हिस्सा टूटकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा मुलुंड पश्चिम के एलबीएस रोड पर हुआ। निर्माण के दौरान मेट्रो के पिलर का एक हिस्सा ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर पड़ा। इसके चलते दोनों वाहनों को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। घटनास्थल पर मौजूद एक फायर ब्रिगेड अधिकारी के मुताबिक मरने वाले की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में राजकुमार इंद्रजीत यादव, महेंद्र प्रताप यादव और दीपा रुहिया हैं। राजकुमार की हालत काफी गंभीर है। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आईसीयू में हैं। पढ़ें पूरी खबर…

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



