बहुत अकड़ रहा था पाकिस्तान, उसी के मददगार से भारत ने निकाल लिया जुगाड़; दो घंटे कम जाएगा हवाई सफर
अगर चीन के शिनजियांग एयरस्पेस से भारतीय विमानों ने उड़ानें भरनी शुरू कीं तो इससे दो घंटे समय की बचत होगी और ईंधन की भी बचत होगी। पाकिस्तान के एयरस्पेस बैन की वजह से अकेले एयर इंडिया को लगभग 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

पिछले साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए कराची एयरस्पेस बैन कर दिए थे। इसकी वजह से भारतीय विमानों को अब घूमकर यूरोप और अमेरिका के लिए जाना पड़ता है लेकिन भारत ने अब उसकी काट निकाल ली है। भारत अब एक नए विकल्प पर दूसरे पड़ोसी देश से बातचीत कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत पाकिस्तान के मददगार रहे चीन के शिनजियांग एयरस्पेस (Xinjiang airspace) को विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए बीजिंग से बात कर रहा है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों ने बताया है कि भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) इस मामले में चीनी पक्ष से संपर्क में है। बताया जा रहा है कि इस संभावित रूट को लेकर चर्चा एक साल से ज्यादा समय से चल रही है लेकिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दिल्ली दौरे से पहले इस चर्चा को नई गति मिली है। सूत्रों का कहना है कि प्रस्ताव के तहत हॉटन (Hotan) के ऊपर से एयर रूट उपलब्ध कराने की संभावना तलाशी जा रही है। इसके अलावा शिनजियांग में कशगर और उरुमकी जैसे एयरपोर्ट्स को आपात स्थिति में डायवर्जन के लिए इस्तेमाल करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
दो घंटे समय और ईंधन की बचत होगी
अगर चीन के शिनजियांग एयरस्पेस से भारतीय विमानों ने उड़ाने भरनी शुरू कीं तो इससे दो घंटे समय की बचत होगी और ईंधन की भी बचत होगी। पाकिस्तान के एयरस्पेस बैन की वजह से अकेले एयर इंडिया को लगभग 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है, जिसमें इस नए रूट से बड़ी राहत मिलेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली या मुंबई से लेह (Leh) होते हुए भारतीय हवाई जहाज शिनजियांग के होटन (Hotan) क्षेत्र से चीनी एयरस्पेस में प्रवेश करेंगे। इसके बाद किर्गिस्तान होते हुए यूरोप, ब्रिटेन (UK), उत्तरी अमेरिकी देशों, USA और कनाडा के लिए बेहद छोटा और सीधा रास्ता मिल जाएगा।
दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी हो रही मजबूत
बता दें कि शी जिनपिंग के दिल्ली आने से पहले, चाइना सदर्न एयरलाइंस ने घोषणा की थी कि वह 21 सितंबर से ग्वांगझू और नई दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करेगी, जिससे छह साल से बंद पड़ा एक रूट फिर से चालू हो जाएगा। यह कदम दोनों देशों के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी को बड़े पैमाने पर बहाल करने का हिस्सा है, जो कोविड-19 महामारी और उसके बाद भारत-चीन सीमा पर तनाव के कारण बाधित हो गई थी। चाइना सदर्न ने कहा कि वह दक्षिण एशिया में आठ राउंड-ट्रिप रूटों पर हर हफ्ते 100 से अधिक उड़ानें संचालित करेगी, जिससे चीन और इस क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
सबसे आगे रही इंडिगो
इंडिगो (IndiGo) भारत-चीन कनेक्टिविटी को फिर से शुरू करने वाली पहली भारतीय एयरलाइन थी। एयरलाइन ने अक्टूबर 2025 में भारत-चीन के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू कीं, जब उसने कोलकाता और ग्वांगझू के बीच सेवाएं बहाल कीं, और उसके बाद नवंबर में दिल्ली-ग्वांगझू के बीच उड़ानें शुरू कीं। एयर इंडिया ने 1 फरवरी को दिल्ली और शंघाई के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू कीं, जिससे मुख्य भूमि चीन (mainland China) के लिए सेवाओं में लगभग छह साल का अंतराल समाप्त हो गया। एयरलाइन ने शुरू में प्रति सप्ताह चार उड़ानें संचालित कीं और 29 मार्च से इनकी संख्या बढ़ाकर प्रति सप्ताह पांच कर दी।
हवाई कनेक्टिविटी की यह बहाली नई दिल्ली और बीजिंग के बीच व्यापक राजनयिक बातचीत के माहौल में हो रही है। अप्रैल 2025 से पाकिस्तान का एयरस्पेस भारत के लिए बंद है, जिससे हवाई यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों पर विचार करना महत्वपूर्ण हो गया है। दो सप्ताह पहले, पाकिस्तान ने भारतीय विमानों पर लगी पाबंदियों को एक और महीने के लिए बढ़ा दिया था। यह कदम 2025 के पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद दक्षिण एशिया के इन दो कट्टर प्रतिद्वंद्वियों के बीच सैन्य टकराव के कारण नई दिल्ली के साथ जारी तनाव के बीच उठाया गया था।


