भारत की GDP ने सबको चौंकाया, पाकिस्तान को सिंधु जल पर झटका; पढ़ें शाम की बड़ी खबरें
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी 7.8 प्रतिशत रही और अनुमानों को पीछे छोड़ दिया। दूसरी तरफ भारत ने सिंधु जल संधि पर कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन के फैसले को अवैध बताकर पूरी तरह खारिज कर दिया।

Top News Today: सांख्यिकी मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के आंकड़े जारी किए, जिनमें भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि 7.8 प्रतिशत बताई गई। यह आंकड़ा आरबीआई के 7 प्रतिशत और बाजार के करीब 7.1 प्रतिशत के अनुमान से बेहतर है। पिछले साल की समान तिमाही में वृद्धि 6.9 प्रतिशत रही थी। दूसरी ओर विदेश मंत्रालय ने सिंधु जल संधि से जुड़े विवाद में कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन के तथाकथित फैसले को सिरे से खारिज कर दिया। मंत्रालय ने इस अदालत को अवैध करार दिया और साफ कहा कि उसका कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है, न ही उसके किसी आदेश का भारत की कार्रवाई पर असर होगा। पढ़ें आज की बड़ी खबरें...
भारत की GDP ने फिर चौंकाया, पहली तिमाही में 7.8% की वृद्धि
भारत की अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। अप्रैल-जून 2026 में देश की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। यह पिछले साल की समान तिमाही की संशोधित 6.9 प्रतिशत वृद्धि से काफी अधिक है। आर्थिक जानकारों के अनुमान से भी यह आंकड़ा बेहतर रहा। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कच्चे तेल की कीमतों, सप्लाई चेन और कमोडिटी बाजार पर दबाव के बावजूद 7.8 प्रतिशत की वृद्धि ने अर्थव्यवस्था की मजबूती को रेखांकित किया है। पिछली तिमाही में भी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत ही थी। वास्तविक आर्थिक गतिविधियों को दर्शाने वाला जीवीए 8.2 प्रतिशत बढ़ा, जबकि एक साल पहले यह 7.1 प्रतिशत था। नॉमिनल जीडीपी की वृद्धि 10.3 प्रतिशत रही, जो पिछले साल 8.1 प्रतिशत थी। पढ़ें पूरी खबर...
सिंधु जल संधि पर भारत ने पाकिस्तान को दिखाया ठेंगा
भारत ने सिंधु जल संधि से जुड़े विवाद में कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन के तथाकथित फैसले को सोमवार को पूरी तरह खारिज कर दिया। विदेश मंत्रालय ने इस अदालत को अवैध करार देते हुए कहा कि इस मामले में उसका कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है। मंत्रालय के अनुसार, मध्यस्थता न्यायालय के किसी भी निर्णय या आदेश का भारत की कार्रवाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। भारत ने यह भी दोहराया कि सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का उसका फैसला पहले की तरह लागू रहेगा, इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। पढ़ें पूरी खबर...
अजनबी की चेतावनी ने बचाई 370 छात्रों और शिक्षकों की जान
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति की चेतावनी ने नुवाकोट जिले के बेत्रावती स्थित उत्तरगया पब्लिक स्कूल के 370 से अधिक छात्रों और शिक्षकों की जान बचा ली। दरअसल, बुधवार सुबह स्कूल में पढ़ाई शुरू हुई थी और हॉस्टल के बच्चे नाश्ता कर रहे थे। तभी एक अनजान व्यक्ति तेज आवाज में चिल्लाते हुए गुजरा कि भागो... बड़ी बाढ़ आ रही है। उस समय न सायरन बजा था, न प्रशासन की ओर से कोई चेतावनी आई थी। आवाज सुनकर शिक्षक तुरंत सतर्क हो गए और बच्चों को स्कूल के पीछे पहाड़ी व जंगल की ओर ले गए। पढ़ें पूरी खबर...
तिलक वर्मा के शतक से साउथ जोन मजबूत स्थिति में
दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने नॉर्थ जोन के गेंदबाजों का सामना करते हुए धैर्यपूर्ण पारी खेली। दूसरे दिन के खेल खत्म होने तक तिलक वर्मा 225 गेंदों पर 106 रन पर नाबाद थे। उन्होंने सिर्फ 7 चौके लगाए और एक भी छक्का नहीं मारा। स्ट्राइक रेट 47.11 रहा। साउथ जोन ने पहली पारी में 285/9 रन बना लिए हैं और नॉर्थ जोन पर 90 रन की बढ़त ले चुकी है। नॉर्थ जोन टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 195 रन पर ऑलआउट हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर...
अब बिना स्मार्टफोन और इंटरनेट के भी होगा यूपीआई पेमेंट
फोनपे ने PhonePe UPI 123Pay सेवा लॉन्च की है, जिससे फीचर फोन यानी कीपैड वाले मोबाइल से भी यूपीआई पेमेंट किया जा सकेगा। इसके लिए मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। कंपनी के अनुसार, यह सुविधा देश के करीब 20 करोड़ फीचर फोन यूजर्स, खासकर ग्रामीण और छोटे शहरों के लोगों को डिजिटल भुगतान से जोड़ने के लिए लाई गई है। यूजर्स मोबाइल नंबर या यूपीआई आईडी से पैसे भेज सकेंगे, बैंक बैलेंस चेक कर सकेंगे और लेनदेन का इतिहास देख सकेंगे। कैमरा वाले फीचर फोन पर क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध होगा। पढ़ें पूरी खबर...


