अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हमलों की भारत ने की निंदा, काबुल की संप्रभुता का किया समर्थन

Feb 22, 2026 10:31 pm ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

भारत ने पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में की गई एयर स्ट्राइक की निंदा की है। भारत ने काबुल की संप्रभुता के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने एक बार फिर से अपनी आंतरिक समस्याओं से लोगों को ध्यान हटाने के लिए बाहर हमले किए हैं।

अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हमलों की भारत ने की निंदा, काबुल की संप्रभुता का किया समर्थन

अफगानिस्तान की धरती पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों की भारत ने निंदा की है। विदेश मंत्रालय द्वारा इन हमलों के ऊपर प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया कि पाकिस्तान द्वारा एक बार फिर से आंतरिक विफलता छिपाने के लिए दूसरे देश हमला किया गया है। रमजान के महीने में हुए इस हमले को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि पवित्र महीने में महिलाओं और बच्चों की जान गई है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता का पूरी तरह से समर्थन करता है।

विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की गई है। बयान में कहा गया, "भारत रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगानिस्तान की धरती पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिकों की जान गई है। यह पाकिस्तान द्वारा अपनी आंतरिक विफलताओं को छिपाने का एक और प्रयास है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपने समर्थन को दोहराता है।"

गौरतलब है कि भारत की तरफ से यह प्रक्रिया ऐसे समय में सामने आई है, जब रविवार तड़के पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अफगानिस्तान के अंदर हमला किया था। इसमें डूरंड लाइन के आसपास कई स्थानों को निशाना बनाया गया था। पाकिस्तान की तरफ से दावा किया गया है कि उसकी सेना ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों को निशाना बनाया है और उनके इस हमले में 28 टीटीपी के लड़ाके मारे गए हैं। दूसरी तरफ अफगान तालिबान की तरफ से कहा गया है कि इन हमलों में आम नागरिक, महिलाओं और बच्चों की मौत हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी एयरफोर्ट ने डूरंड लाइन के करीब स्थित पक्तिका राज्य के बरमल जिले पर हमला किया। यहां पर तड़के एक के बाद एक कई विस्फोट हुए, इसके अलावा मरघा इलाके में भी कई विस्फोट हुए। बरमल के बनूसी मदरसा पर भी मिसाइलें दागी गईं, जिससे हताहतों और नुकसान की आशंका बढ़ गई है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अफगानिस्तान की तरफ से इन हमलों की कड़ी निंदा की गई है। तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने इन हमलों को काबुल की संप्रभुता और अंतर्राष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन करार दिया है। उन्होंने कहा कि ये हमले नांगरहार और पक्तिका में एक धार्मिक मदरसे और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर किए गए, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों नागरिक मारे गए या घायल हुए। अफगानिस्तान ने इस हमलेा बदला लेने की चेतावनी दी है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak