भारत के ब्रह्मोस-आकाश मिसाइलों की मुरीद हुई दुनिया, तेजी से बढ़ी मांग; कतार में कई देश
बीते साल पाकिस्तान के विरुद्ध ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल का जलवा दुनिया ने देखा था। अब कई देश रूस और भारत द्वारा बने इस मिसाइल प्रणाली को खरीदने के लिए आगे आए हैं।

देश के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल भारत की उभरती रक्षा निर्यात कहानी का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है। उन्होंने बताया है कि ब्रह्मोस का कुल निर्यात 600 मिलियन डॉलर के आंकड़े को पार करने वाला है। इस अत्याधुनिक प्रणाली को दक्षिण-पूर्व एशिया के तीन देशों को बेचने के लिए अनुबंध एवं समझौते हो चुके हैं, जिनमें फिलीपींस, इंडोनेशिया और वियतनाम शामिल हैं।
एक साक्षात्कार में रक्षा सचिव ने कहा कि ब्रह्मोस का हवा से प्रक्षेपित किया जाने वाला संस्करण भी मौजूद है और सुखोई लड़ाकू विमानों पर इसका प्रदर्शन बेहद सफल रहा है। उन्होंने कहा कि उन अत्याधुनिक रणनीतिक प्रणालियों में से एक है, जिन्हें हम निर्यात करने में सफल रहे हैं। रक्षा सचिव ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस प्रणाली की युद्धक क्षमता भी साबित हुई है।
मध्य एशिया में आकाश की मांग में इजाफा
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि पश्चिमी एशियाई देश आर्मेनिया के पहला ग्राहक बनने के बाद बाद मध्य एशिया में भारतीय मिसाइल ‘आकाश’ की मांग भी बढ़ी है। पूरी तरह भारत में विकसित और निर्मित इस छोटी दूरी की घातक मिसाइल प्रणाली का निर्यात ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान के लिए शुरू हो गया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित और भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) एवं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) द्वारा निर्मित आकाश मिसाइल का उत्पादन अब स्थिर हो चुका है।
सिंह ने बताया कि घरेलू सशस्त्र बलों से मिल रहे मजबूत ऑर्डरों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी इसकी मांग तेजी से बढ़ी है। आर्मेनिया ने सबसे पहले 2022 में भारत से इस मिसाइल की खरीद के लिए समझौता किया था। इसकी डिलीवरी 2024 से आरंभ हुई। अब ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान के लिए भी आकाशका निर्यात शुरू हो गया है।
आसमान में राफेल-तेजस का तालमेल जबरदस्त
इस बीच फ्रांसीसी एयर डिफेंस के डिप्टी कमांडर जूलियन सबेने ने भारतीय लड़ाकू विमान तेजस की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आसमान में राफेल के साथ तेजस का तालमेल जबरदस्त है। तेजस में उड़ान भरने के बाद उन्होंने कहा कि इस विमान ने उन्हें फ्रांस के पुराने ‘मिराज 2000’ विमान की याद दिला दी। उन्होंने तेजस को भारतीय क्षमता और संप्रभुता के लिहाज से बड़ा कदम बताया। सबेने राजस्थान के जोधपुर में भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित बहुराष्ट्रीय अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ में शामिल हो रहे हैं।
एक साक्षात्कार में जूलियन सबेने ने कहा कि भारत और फ्रांस दोनों देशों के पास राफेल विमानों का वास्तविक कॉम्बैट (युद्ध) अनुभव है। इससे एक-दूसरे के साथ रणनीतिक सबक साझा करना बेहद आसान और मददगार साबित हुआ है।

