कल-परसों तक नहीं… ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लंबे आंदोलन की तैयारी में विपक्ष, क्या है प्लान?
विपक्ष ने पहली बार सात अगस्त, 2025 में इस मुद्दे को उठाया था। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए मीडिया के जरिये मुद्दा उठाया। अब इस मुद्दे पर लंबे आंदोलन की तैयारी है।

यह आंदोलन कल या परसों खत्म नहीं होगा। यह लगातार चलने वाला आक्रामक अभियान होगा। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक दिन पहले कांग्रेस महासचिवों और प्रदेश अध्यक्षों को यह हिदायत दी थी। इसी क्रम में मंगलवार को संसद से चुनाव आयोग तक मार्च में आकाशवाणी भवन में धरना देकर उन्होंने आंदोलन को नई धार दे दी।
इंडिया गठबंधन की करीब एक सप्ताह पहले बैठक कर मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ कई माह लंबे अभियान का ऐलान किया था। सोमवार को कांग्रेस ने इस आंदोलन को घर-घर पहुंचाने के लिए एसआईआर में काटे गए नामों को फिर से जोड़ने के लिए एक माह लंबे अभियान की घोषणा की। संसद भवन से चुनाव आयोग तक मार्च में इंडिया गठबंधन की एकजुटता और बीजू जनता दल की मौजूदगी ने आंदोलन को समर्थन मिला है।
राहुल गांधी एक साल से उठा रहे हैं मुद्दा
विपक्ष ने पहली बार सात अगस्त, 2025 में इस मुद्दे को उठाया था। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए मीडिया के जरिये मुद्दा उठाया। इसके बाद विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठाता रहा, पर पश्चिम बंगाल एसआईआर में बड़े पैमाने पर वोटर के नाम कटने और भाजपा की जीत ने विपक्ष को एकजुट होने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद एसआईआर पर मीडिया में आई रिपोर्ट ने आम मतदाताओं के मन में भी चुनाव की निष्पक्षता को लेकर शक को गहरा कर दिया।
एकजुटता सबसे बड़ी ताकत
इस पूरे आंदोलन में विपक्ष की सबसे बड़ी ताकत एकजुटता है। संसद के मानसून सत्र में सरकार विपक्षी एकजुटता को तोड़ने में विफल रही थी। रणनीतिकार मानते हैं कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया, तो शीतकालीन सत्र में भी हंगामा तय है। आंदोलन भी और आक्रामक होगा।
मतदाता भी असहज
इंडिया गठबंधन ने दूसरे कार्यक्रमों के साथ पूरे देश में पांच बड़ी रैलियों का ऐलान किया है। रणनीतिकार मानते हैं कि इस मुद्दे पर जिस अंदाज में विपक्षी दलों ने एकजुट होकर आक्रामक रुख अपनाया है, उससे सरकार के लिए बचाव आसान नहीं है। क्योंकि, एसआईआर को लेकर आम मतदाता पहले ही असहज है।


