ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर यूं ही नहीं अड़ा विपक्ष, छिपा है एक बड़ा मकसद
राहुल गांधी 2 दिन में लगातार दूसरी बार डिटेन किए गए। हालांकि कुछ देर बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने पुलिस के साथ बदसलूकी के आरोप भी लगाए। विपक्ष इस मुद्दे को भुनाने की पूरी कोशिश करेगा।

चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन सड़को पर है। गठबंधन के घटक दल पूरे देश में मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस लड़ाई में पीछे नहीं रहना चाहते हैं।कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर धरना प्रदर्शन और मार्च करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर इस्तीफे का दबाव बनाए रखना चाहते हैं, ताकि आयोग कुछ माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी की हिम्मत नहीं जुटा सके।
जनपथ से जंतर मंतर जाते हुए हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल ने एक्स पर कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, हम विरोध बंद नहीं करेंगे। यह लड़ाई सबसे पवित्र चीज की रक्षा के लिए है। इससे पहले राहुल गांधी बुधवार को लगातार दूसरे दिन डिटेन कर लिए गए। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
क्या है प्लान?
रणनीतिकार मानते हैं मतदाता सूची में गड़बड़ी पूरे देश, समाज के हर वर्ग और समुदाय से जुड़ा है। ऐसे में इस मुद्दे के जरिए विपक्षी दल ज्यादा से ज्यादा लोगों की आवाज उठाकर उनका भरोसा जीत सकते हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी एक ऐसा मुद्दा है, जिससे पूरे देश में हर वर्ग और समुदाय का मतदाता जुड़ा है। यही वजह है कि इस मुद्दे पर भाजपा बैकफुट पर है। इंडिया गठबंधन की एकता और एकजुटता का काट सत्तारूढ़ भाजपा को नहीं दिख रहा।
आगामी चुनाव भाजपा के लिए अहम
2027 में होने वाले कई राज्यों के विधानसभा चुनाव बंगाल की तरह भाजपा के लिए अहम है। इनमें यूपी और गुजरात शामिल हैं। यूपी विधानसभा चुनाव में एनडीए तीसरी बार सरकार बनाने में विफल रहा तो 2029 के आम चुनाव में जीत की दहलीज तक पहुंचना भाजपा की अगुवाई में एनडीए के लिए आसान नहीं होगा। ऐसे में संसद के अंदर व बाहर विपक्ष का दबाव चुनाव आयोग और खासकर मुख्य चुनाव आयुक्त को आगामी चुनाव में मनमानी करने से काफी हद तक रोक सकता है।
लड़ाई में मतदाताओं की भागीदारी जरूरी: कांग्रेस
कांग्रेस के एक नेता ने कहा, एसआईआर, ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की इस लड़ाई में आम मतदाताओं की भागीदारी जरूरी है। यही वजह है कि ‘इंडिया’ ने एकजुट होकर पूरे देश में आंदोलन चलाने का फैसला किया है। इसके साथ गठबंधन के तमाम बड़े नेता दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई अन्य शहरों में संयुक्त रैलियां भी कर रहे हैं, ताकि वोट चोरी के मुद्दे को बरकरार रखते हुए आम मतदाताओं को इस लड़ाई में अपने साथ जोड़ा जा सके।


