
भारत की कार्रवाई से बौखलाया बांग्लादेश, तनाव के बीच भारतीयों के लिए रोकी वीजा सर्विस
इससे पहले भारत ने रविवार को बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चटगांव स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में वीजा सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी थीं। सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद ही वीजा आवेदन केंद्र को फिर से खोलने पर विचार किया जाएगा।
India-Bangladesh News: हालिया तनावों के बाद भारत की कार्रवाई से बांग्लादेश बौखला उठा है। भारत द्वारा बांग्लादेश के चटगांव में स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में वीजा सेवाएं निलंबित कर दिए जाने के बाद अब बांग्लादेश ने भी भारत के लिए वीजा सेवाओं पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया है कि नई दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन में कांसुलर सेवाएं और वीजा जारी करने की प्रक्रिया को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में जबरदस्त हिंसा भड़क उठी है। इस दौरान हुए भारत विरोधी प्रदर्शनों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।सोमवार को बांग्लादेश मिशन ने वीजा सर्विस निलंबित की जाने की जानकारी दी है। बांग्लादेश मिशन ने कहा, "अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण, नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से सभी कांसुलर और वीजा सेवाएं अगले आदेश तक अस्थायी रूप से निलंबित हैं।"
बांग्लादेश में भारत विरोधी प्रदर्शन
इससे पहले भारत ने रविवार को बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी शहर चटगांव स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में वीजा सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी थीं। भारत ने यहां भारतीय सहायक उच्चायोग (AHCI) के बाहर बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने के बाद यह कदम उठाया है। सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के राजशाही में भारतीय वीजा एप्लीकेशन सेंटर पर 'खून-खराबा' करने की चेतावनी दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने तलवारें और हथियार उठाने की भी बात कही। गुरुवार को चटगांव में सहायक भारतीय उच्चायुक्त के आवास पर पथराव की घटना भी हुई थी।
भारतीय वीजा आवेदन केंद्र ने क्या बताया?
भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) ने एक बयान में कहा कि चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग में हाल में हुई घटना के कारण आईवीएसी में सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। आईवीएसी के मुताबिक शहर में भारतीय वीजा संबंधी सभी सेवाएं 21 दिसंबर से अगले आदेश तक बंद रहेंगी। बयान में कहा गया कि सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद वीजा आवेदन केंद्र को फिर से खोलने के संबंध में आगे की घोषणा की जाएगी।
बढ़ाई गई सुरक्षा
इस बीच बांग्लादेश के सिलहट में भारतीय सहायक उच्चायोग कार्यालय और वीजा आवेदन केंद्र पर शनिवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई। बता दें कि आईवीएसी ढाका, खुलना और राजशाही, चटगांव और सिलहट में केंद्र संचालित करता है। आईवीएसी के एक अधिकारी ने बताया कि चार अन्य कार्यालय चालू हैं। इससे पहले भारत ने गुरुवार को ढाका में अपने वीजा आवेदन केंद्र को फिर से खोल दिया। सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण एक दिन पहले इसे बंद कर दिया गया था।





