अगले दो महीने में करेंगे पांच बड़ी रैलियां, राष्ट्रपति से भी मिलेंगे; 'वोट चोरी' पर INDIA गठबंधन का ऐलान

लाइव हिन्दुस्तान
share

निर्वाचन आयोग को लेकर उठे विवाद के बाद SIR को लेकर इंडिया गठबंधन ने मोर्चा खोल दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्षी गठबंधन 2 अक्तूबर से 8 अक्तूबर तक लोकतंत्र बचाओ अभियान चलाएगा। इसमें जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्यक्रम होंगे।

INDIA
SIR के खिलाफ इंडिया गठबंधन ने खोला मोर्चा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR पर जारी विवाद के बीच INDIA गठबंधन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को गठबंधन की बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जोर देकर कहा कि 'हम ( इंडिया गठबंधन के सदस्य) सब इसमें साथ हैं।' खरगे ने गठबंधन के आगे का प्लान बताते हुए कहा कि सभी पार्टियां मिलकर एक सप्ताह का 'लोकतंत्र बचाओ अभियान' के तहत 2 अक्तूबर से 8 अक्तूबर तक प्रदर्शन करेंगे और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे। इसमें सभी गठबंधन पार्टियां जिला स्तर पर डीएम ऑफिस की तरफ मार्च करके धरना देंगी। वहीं सभी विपक्षी सांसद 6 अक्तूबर को इलेक्शन कमीशन की तरफ मार्च करेंगे। इसके अलावा खरगे ने कहा कि विपक्ष देश भर में 'वोट चोरी' के मुद्दे को उजागर करने के लिए अक्टूबर और नवंबर में पांच बड़ी रैलियां करेगा। इनके जगह और समय को जल्दी ही तय किया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वोट चोरी की वजह से बनी इस सरकार की वजह से काफी परेशानियां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक अक्तूबर के दूसरे हफ्ते में राष्ट्रपति से मिलने के लिए इजाजत लेगा, और उनके सामने अपनी मांगें रखेगा। राष्ट्रपति को बताया जाएगा कि कैसे वोट चोरी की वजह से बनी यह सरकार लोगों के लिए परेशानियां बढ़ा रही है। बता दें, जिस वक्त कांग्रेस अध्यक्ष इस बात को कह रहे थे। उनके पास सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, उमर अब्दुल्ला और सुप्रिया श्रीनेत समेत तमाम बड़े नेता बैठे हुए थे।

इंडिया गठबंधन की चुनाव आयोग से 6 बड़ी मांगें-

  1. EVM की जगह बैलेट पेपर से मतदान

2. भविष्य के चुनावों में SIR से पहले की मतदाता सूची का इस्तेमाल

3. पहली बार मतदान करने जा रहे लोगों के लिए आसान व्यवस्था

4. नाम हटाने से प हले मतदाता को सूचना, कारण और अपील का अवसर मिले

5. मतदाता सूची में विधानसभा व बूथ स्तर की जानकारी हो

6. चुनाव आयोग की इस मामले में पूरी जवाबदेही हो और सभी दलों को वह अपने भरोसे में लें।

इनके अलावा सुप्रीम कोर्ट से भी SIR के मामलों को जल्द से जल्द निपटाने की अपील की गई है।

SIR के तहत हटाए गए 13.3 करोड़ मतदाताओं पर खरगे की मांग

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा है कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत हटाये गये 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम और उन्हें वोट देने से वंचित करने की वजह सार्वजनिक की जानी चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी वास्तविक भारतीय नागरिक को अपारदर्शी, मनमानी या अपर्याप्त निगरानी वाली प्रक्रिया के जरिये मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। यदि नाम हटाये गये हैं, तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि किसका नाम हटाया गया और क्यों। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 324 की भावना के अनुरूप स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव आयोग के बिना विश्वसनीय चुनाव संभव नहीं है। मुख्य चुनाव आयुक्त के दो सहयोगी चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार इस प्रक्रिया पर आपत्तियां दर्ज की हैं लेकिन उनकी आपत्तियों पर ध्यान नहीं दिया गया, इसलिए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाना चाहिए या उन्हें स्वयं इस्तीफा देना चाहिए।

चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में 2023 में किए गए बदलाव का भी जिक्र

कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की चयन समिति से उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को हटाकर केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया। उन्होंने चुनाव आयुक्तों को उनके आधिकारिक कार्यों के संबंध में दी गयी कानूनी सुरक्षा का भी मुद्दा उठाया और उच्चतम न्यायालय की उस टिप्पणी का उल्लेख भी किया, जिसमें कहा गया है कि चुनाव आयोग का स्वतंत्र होना ही नहीं, बल्कि उसका स्वतंत्र दिखाई देना भी जरूरी है।

पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को लेकर भी बात

खरगे ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए फार्म-6 में किये गये बदलावों पर भी सवाल उठाये और कहा कि युवाओं के लिए मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया सरल और सुलभ होनी चाहिए तथा सभी अनावश्यक बाधाओं को तत्काल हटाया जाना चाहिए। ईवीएम के संबंध में उन्होंने कहा कि मतदान बैलेट पेपर से कराया जाना चाहिए, ताकि चुनाव व्यवस्था में लोगों का विश्वास और भरोसा बहाल हो सके। उन्होंने प्री-SIR मतदाता सूची को भविष्य के चुनावों में इस्तेमाल करने, मतदाता सूची में विधानसभा और बूथ स्तर पर नाम जोड़ने, हटाने और सुधार की पूरी जानकारी देने तथा किसी वैध मतदाता का नाम हटाने से पहले नोटिस, कारण और प्रभावी अपील का अवसर देने की मांग की।

खरगे ने कहा कि प्रशासनिक खामियों, अपर्याप्त दस्तावेजों या जागरूकता की कमी के कारण पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित करने और सभी राजनीतिक दलों का विश्वास कायम करने वाली व्यवस्था को आवश्यक बताया और कहा कि चुनाव में पारदर्शिता से ही लोकतंत्र मजबूत होगा।

अपडेट की जा रही है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअगले दो महीने में करेंगे पांच बड़ी रैलियां, 'वोट चोरी' पर INDIA गठबंधन का ऐलान