स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय की मौत के बाद एक्शन में सरकार, BRICS के मंच पर ईरान से होगी बातचीत
शुक्रवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास आग लगने के बाद 18 भारतीय क्रू मेंबर्स वाली एक नाव पलट गई थी। हादसे में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई वहीं चार अन्य घायल हो गए। इसके बाद अब भारत ब्रिक्स के मंच पर ईरान से बातचीत करेगा।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी तनाव और हाल ही में यहां गुजरात की एक नाव डूबने से एक भारतीय की मौत के बाद भारत सरकार एक्शन में आ गई है। भारत इस सप्ताह नई दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स के शेरपा और विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान इस मुद्दे को उठाएगा और ईरान से इस पर बातचीत करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों के बीच अहम बैठक होगी जहां भारत अपने फंसे हुए जहाजों को निकालने और सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित कराने के लिए ईरान से बातचीत करेगा।
बता दें कि दुनिया के सबसे प्रमुख जलमार्गों से से एक होर्मुज में बीते मार्च महीने से ही तनाव जारी है। अमेरिका और ईरान दोनों ने ही इस रास्ते पर प्रतिबंध लगा दिए हैं जिससे जहाजों की आवाजाही ठप हो गई है। भारत के लिए यह रास्ता बेहद अहम है क्योंकि युद्ध शुरू होने से पहले भारत के कच्चे तेल आयात का 40 फीसदी और एलपीजी (LPG) आयात का 90 फीसदी हिस्सा यही से गुजरता था।
भारत के कितने जहाज फंसे?
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव बढ़ने के बाद से भारत के 11 जहाज ही यहां से बाहर निकल पाए हैं, जबकि 13 जहाज अभी भी फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक इस मसले को लेकर ईरान से बातचीत जारी है। उन्होंने एक बयान में कहा था, “हमने प्रगति देखी है और ईरानी पक्ष के साथ राजनयिक बातचीत के बाद अब तक 11 भारतीय जहाज होर्मुज से बाहर निकल चुके हैं, जबकि 13 जहाज अभी भी फारस की खाड़ी में फंसे हए हैं। हम ईरानी अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बाकी जहाज भी होर्मुज को पार करके भारत पहुंच सकें।"
भारतीय की मौत से बढ़ी टेंशन
इस बीच एक भारतीय की मौत से चिंताएं बढ़ गई हैं। शुक्रवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास आग लगने से एक लकड़ी की नाव पलट गई, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। इसमें 18 भारतीय सवार थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक मरने वाला नाविक गुजरात का निवासी था और नाव का नाम अल फैज नूरे सुलेमानी 1 था। यह नाव सात मई को दुबई से रवाना हुई थी और यमन के मुक्कम जा रही थी। 8 मई को लगभग एक बजे इस रास्ते को पार करते समय इस पर गोलीबारी हुई और यह हादसा हो गया।
कब होगी BRICS की बैठक?
जानकारी के मुताबिक BRICS की यह अहम बैठक 14-15 मई को होगी। समूह के विदेश मंत्रियों की इस बैठक में ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री हिस्सा ले सकते हैं। इससे पहले ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के भी बैठक में हिस्सा लेने की चर्चा थी, हालांकि तनाव बढ़ने के बाद इसकी संभावना कम है। ईरान के अलावा रूस, ब्राजील सहित अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

