लोकतंत्र में हर आवाज के लिए जगह, चिंता की कोई बात नहीं; कॉकरोच जनता पार्टी पर RSS की प्रतिक्रिया
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में कहा कि भारतीय लोकतंत्र में सभी तरह की आवाजों और भावनाओं को समाहित करने की पूरी क्षमता है।

सोशल मीडिया पर इन दिनों तहलका मचा रहे सैटायरिकल ग्रुप कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर चल रहे विवाद पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का भी बयान सामने आया है। आरएसएस के वरिष्ठ नेता सुनील आंबेकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक समाज में अलग-अलग राय और सार्वजनिक चर्चाएं होना स्वाभाविक प्रक्रिया है और इसे चिंता या झटके के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। आपको बता दें कि सीजेपी का सोशल मीडिया पर Gen-Z के बीच में काफी क्रेज है। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या भारतीय जनता पार्टी (BJP) सहित कई प्रमुख राजनीतिक दलों से भी आगे निकल गई है।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में कहा कि भारतीय लोकतंत्र में सभी तरह की आवाजों और भावनाओं को समाहित करने की पूरी क्षमता है। सुनील आंबेकर ने कहा, "हम एक जागरूक समाज हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हैं। हमारे पास पारदर्शी चुनाव, स्वतंत्र मीडिया और अब सोशल मीडिया भी है। यहां रोज खुली चर्चाएं होती हैं। इसलिए मुझे लगता है कि लोकतंत्र में किसी भी तरह की चर्चा या अलग राय व्यक्त किए जाने से हैरान नहीं होना चाहिए। इसे सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा माना जाना चाहिए।"
यह बयान ऐसे समय में आया है जब सीजेपी को लेकर राजनीतिक गलियारों में विवाद छिड़ा हुआ है। भाजपा के कुछ नेताओं ने इस ग्रुप के इरादों पर सवाल उठाए हैं और इसके पीछे पाकिस्तानी कनेक्शन होने तक के आरोप लगाए हैं। इस बीच सरकार द्वारा सीजेपी के एक्स हैंडल को ब्लॉक भी कर दिया गया है और यह मामला फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित है।
युवाओं को देश पर पूरा भरोसा
जब आंबेकर से पूछा गया कि क्या आरएसएस को इस तरह के मुद्दों पर हस्तक्षेप करना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि हमारी लोकतांत्रिक संस्थाएं, राजनीतिक दल और मीडिया इन मामलों से खुद निपटने में पूरी तरह सक्षम हैं। आंबेकर ने कहा, "राजनीतिक दल सक्षम हैं और हमारी कोई भी संस्था कमजोर नहीं है। हमारा सिस्टम इन मामलों को संभालने की ताकत रखता है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि संघ को ऐसे मामलों में तुरंत कूदने की जरूरत है।"
उन्होंने आगे कहा कि देश के युवाओं यानी जेन-जी के मन में बहुत उम्मीदें हैं और उन्हें भारत पर पूरा भरोसा है। आरएसएस भी देश की युवा शक्ति पर पूरा विश्वास रखता है।
CJP को मिल रहा है भारी समर्थन
सोशल मीडिया पर इस अनोखे ट्रेंड को लेकर राजनीतिक और मनोरंजन जगत से भी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। महुआ मोइत्रा, कीर्ति आज़ाद और अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा, बॉलीवुड की कई हस्तियों और स्टैंड-अप कॉमेडियन्स ने भी खुलकर इस ग्रुप के पक्ष में अपनी आवाज उठाई है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें

