महिला आरक्षण लागू कराओ, पूरा वंदे मातरम गाओ... राहुल गांधी को स्मृति ईरानी का डबल चैलेंज!
स्मृति ईरानी ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीर हैं, तो उन्हें कथनी को करनी में बदलकर दिखाना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। पुणे में एक छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी की तरफ से दिए गए बयान "पितृसत्तात्मक सोच को तोड़ो" पर पलटवार करते हुए स्मृति ईरानी ने उन्हें दो सीधी चुनौतियां दी हैं।
स्मृति ईरानी ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीर हैं, तो उन्हें कथनी को करनी में बदलकर दिखाना चाहिए।
स्मृति ईरानी की दो बड़ी चुनौतियां
पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेतृत्व के सामने दो मांगें रखीं।
स्मृति ईरानी ने कहा, "क्योंकि कांग्रेस के एक प्रमुख नेता ने महिलाओं और उनके नेतृत्व के समर्थन में बात की है, इसलिए मैं उनसे विनम्र निवेदन करती हूं कि वे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले कानून को तुरंत लागू करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का खुलकर समर्थन करें।"
उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वे अपने पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के उन सभी छंदों का सस्वर गायन कराएं, जिनमें मां दुर्गा का आह्वान किया गया है।
"देवी दुर्गा शक्ति का रूप, वहां क्यों रोका जाता है राष्ट्रगीत?"
भाजपा नेता ने कांग्रेस द्वारा अपने कार्यक्रमों में 'वंदे मातरम' के केवल शुरुआती दो पदों को ही गाए जाने की परंपरा पर पुराना विवाद फिर ताजा कर दिया।
स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है, जहां हम लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा के रूप में नारी शक्ति की पूजा करते हैं।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के बाद के छंदों में मां दुर्गा को 'शक्ति' के रूप में पूजा गया है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस मुख्यालय में इन छंदों सहित पूरे राष्ट्रगीत का गायन किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
एक दिन पहले, शनिवार को पुणे में 'छात्रों की गूंज' संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने छात्राओं से बात करते हुए 'मनुस्मृति की सोच' पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह विचारधारा महिलाओं को जीवनभर पुरुषों के अधीन रखने की बात करती है।
राहुल गांधी ने दावा किया था कि समाज में 80 प्रतिशत से अधिक महिलाएं किसी न किसी रूप में प्रताड़ना का सामना करती हैं और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए हिंसा का सहारा लिया जाता है।
स्मृति ईरानी के इस पलटवार के बाद महिला आरक्षण और राष्ट्रगीत के मुद्दे पर एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।


