ChatGPT से नकल करता हुआ पकड़ा गया, IIT-बॉम्बे के छात्र ने कर ली खुदकुशी; सालभर में 3 ने दी जान
आईआईटी बॉम्बे के एक छात्र ने शुक्रवार शाम हॉस्टल के कमरे में खुदकुशी कर ली। जानकारी के मुताबिक छात्र को चैटजीटीपी से नकल करते हुए पकड़ लिया गया था और इसके बाद ऐक्शन की वॉर्निंग दी गई थी।

देशभर के कई IIT से लगातार छात्रों की खुदकुशी की खबरें आ चुकी हैं। इसी बीच आईआईटी-बॉम्बे से भी दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पवई कैंपस में एनर्जी साइंस ऐंड इंजीनियरिंग के एक स्टूडेंट ने खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद छात्रों ने आईआईटी कैंपस के गेट पर प्रदर्शन किया और घटना की पूरी जांच की मांग की। इस साल इसी कैंपस में तीन छात्र सूइसाइड कर चुके हैं। इसीलिए स्टूडेंट जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह पता लगाना जरूरी है कि किन परिस्थितियों में छात्र ऐसा कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
ChatGPT से नकल
रिपोर्ट के मुताबिक परीक्षा के दौरान छात्र को दूसरे की कॉपी में झांकते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उससे हॉल से बाहर जाने को कहा गया। इसके अलावा आईआईटी प्रशासन ने छात्र को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। वहीं आईआईटी बॉम्बे की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि छात्र को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। उसने चीटिंग करने के लिए चैटजीटीपी में अपना प्रश्नपत्र अपलोड कर दिया था।
नहीं हुई थी कोई कार्रवाई
IIT की तरफ से बताया गया कि छात्र के खिलाफ किसी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। हेड ऑफ डिपार्टमेंट और अन्य फैकल्टी मेंबर्स के सामने इस मामले की चर्चा हुई थी और यह तय किया गया था कि कोई भी ऐसा ऐक्शन ना लिया जाए जो कि छात्र के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाले। जानकारी के मुताबिक परीक्षा हॉल से छात्र सीधा हॉस्टल आया थ और उसी शाम उसका शव हॉस्टल के ही कमरे में पाया गया।
शुक्रवार को कैंपस में हंगामे के बाद पुलिस भी बुलाई गई। वहीं छात्रों की मांग है कि वे इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर के साथ मिलकर बात करना चाहते हैं। IIT प्रशासन का कहना है कि इस यह घटना बेहद दुखद है। छात्र के परिवार को इसकी जानकारी तुरंत दे दी गई थी। वहीं छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, आईआईटी कैंपस में छात्र की आत्महत्या की जानकारी मिली। इसके बाद कुछ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आईआईटी प्रशासन उनसे बात करके समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है। पुलिस घटना की पूरी जांच करेगी।

