Hindi NewsIndia NewsIGP says Efforts underway to neutralise foreign terrorists hiding in Jammu Kashmir forests
जम्मू के जंगलों में छिपे आतंकवादियों को मार गिराने के लिए प्रयास जारी, आईजीपी ने क्या बताया

जम्मू के जंगलों में छिपे आतंकवादियों को मार गिराने के लिए प्रयास जारी, आईजीपी ने क्या बताया

संक्षेप:

जम्मू रेलवे स्टेशन के पास पुलिस शहीद स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। यह दिवस केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के उन 10 बहादुर शहीदों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने 21 अक्टूबर 1959 को अपना कर्तव्य निभाते हुए बलिदान दिया।

Oct 21, 2025 12:04 pm ISTNiteesh Kumar भाषा
share Share
Follow Us on

जम्मू संभाग में हर दिन 100 से अधिक आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए जाते हैं। शीर्ष पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह दावा किया और कहा कि घने जंगलों में विदेशी आतंकवादियों की मौजूदगी बड़ी चुनौती बनी हुई है और उन्हें मार गिराने के लिए प्रयास जारी है। जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने देश की खातिर अपने प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर कर्मियों को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर याद किया। जम्मू रेलवे स्टेशन के पास पुलिस शहीद स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। यह दिवस केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के उन 10 बहादुर शहीदों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने 21 अक्टूबर 1959 को अपना कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने 4681 मीटर की ऊंचाई पर लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में भारी हथियारों से लैस चीनी सैनिकों की ओर से घात लगाकर किए गए हमले में अपने प्राणों की आहुति दी थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।
ये भी पढ़ें:दिवाली पर देश के नाम पीएम मोदी का पत्र, ऑपरेशन सिंदूर और GST पर कही बड़ी बात

जम्मू पुलिस प्रमुख ने कहा, ‘पिछले 2 साल से विदेशी आतंकवादी एक बड़ी चुनौती रहे हैं। हम अपने आतंकवाद-रोधी अभियान और सीमा सुरक्षा तंत्र को मजबूत कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि जल्द हम जंगलों में छिपे विदेशी आतंकवादियों से निपटने और उन्हें मार गिराने में सक्षम होंगे।’ उन्होंने कहा कि जम्मू क्षेत्र में हर दिन लगभग 120 आतंकवाद-रोधी अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘यह हमारा दैनिक कर्तव्य है। चाहे वह कोई काल्पनिक अभियान हो या सटीक सूचना-आधारित अभियान, यह निरंतर जारी रहता है।’ उन्होंने कहा कि आतंकवाद से लड़ना उनके कर्तव्यों का अहम हिस्सा है।

'आतंकवाद से लड़ना प्रमुख कर्तव्य'

भीम सेन टूटी ने कहा, ‘जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद से लड़ते हुए जितने लोग शहीद हुए हैं, वह हमारे कर्तव्य का एक हिस्सा मात्र है। इसके अलावा हम अन्य कर्तव्य भी निभाते हैं। उदाहरण के लिए हमें उन साथियों को नहीं भूलना चाहिए जो यातायात ड्यूटी करते हुए कुचले जाने के कारण या अपराधियों से लड़ते हुए शहीद हुए हैं। आतंकवाद से लड़ना एक प्रमुख कर्तव्य है लेकिन इसके कई व्यापक पहलू हैं। हम अपने सभी शहीद बहादुर साथियों को सलाम करते हैं।’

पुलिस मुख्यालय में रक्तदान शिविर

देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए आईजीपी ने कहा कि पुलिस बल उनके परिवारों के प्रति सदैव कृतज्ञ है। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जम्मू कश्मीर पुलिस ने पुलिस मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जम्मू क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं, बटालियनों और जिला इकाइयों के कुल 125 कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस बीच जम्मू के सभी 10 जिलों में स्मृति समारोह आयोजित किए गए जिनमें बड़ी संख्या में सीनियर पुलिस अधिकारी, रिटायर्ड पुलिसकर्मी, शहीदों के परिवारों के सदस्यों और नागरिक संगठन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।