
ज्यादा बीमार हो तो घर पर रहा करो, लोकसभा में भाषण के बीच किस पर बिफरे अमित शाह?
लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान कहा है कि भाजपा वाले और राजग वाले चर्चा से कभी नहीं भागते और संसद के नियमों के अनुसार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार रहते हैं।
बुधवार को लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान बीच भाषण टोके जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिफर पड़े। अमित शाह ने TMC सांसद सौगत रॉय को नसीहत देते हुए कहा कि अगर आप ज्यादा बीमार हैं तो आपको घर पर ही रहना चाहिए और सदन में आकर माहौल खराब नहीं करना चाहिए।
इससे पहले अमित शाह ने सदन में कहा कि विपक्ष ने चुनाव सुधारों पर चर्चा की मांग की थी और सरकार ने उनकी इस मांग पर तुरंत अमल किया। अमित शाह ने कहा, “चुनाव आयोग और चुनाव आयुक्त सरकार के तहत काम नहीं करते हैं। मगर जब चर्चा होती है, और सवाल खड़े किए जाएंगे तो इसका जवाब कौन देगा? जब उन्होंने (विपक्ष) कहा कि हम चुनाव सुधारों पर चर्चा करना चाहते हैं, हम तुरंत मान गए और आज ये चर्चा हुई। शाह आगे कुछ कहते, इस बीच विपक्षी सांसद शोर शराबा मचाने लगे।
इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने TMC सांसद सौगत रॉय को शांत रहने की नसीहत दी। वहीं अमित शाह ने सौगात रॉय की ओर मुखातिब होते हुए कहा, “दादा आप बीमार हो मैं समझ रहा हूं मगर बीमार ज्यादा हो तो घर पर रहा करो, यहां सदन का माहौल मत बिगाड़ो।”
SIR को लेकर झूठ फैलाया गया- अमित शाह
इस दौरान गृह मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों कर निशाना साधा। शाह ने कहा है कि SIR को लेकर झूठ फैलाया गया और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया। उन्होंने सदन में, चुनाव सुधारों पर चर्चा पर जवाब देते हुए यह भी कहा कि संविधान का अनुच्छेद 327 निर्वाचन आयोग को मतदाता सूची बनाने का पूर्ण अधिकार देता है।
गृह मंत्री ने आगे कहा, ‘‘मैं सदन और देश की जनता को कहना चाहता हूं कि क्या घुसपैठिए तय करेंगे कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कौन होगा।’’ शाह ने कहा कि यह एसआईआर मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया है और विदेशी नागरिकों को भारत में मतदान करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता।





