मैं नितिन गडकरी का सपोर्ट करूंगा; ध्रुव राठी ने ऐसा क्यों कहा
एक इंटरव्यू के दौरान ध्रुव राठी को सीजेपी आंदोलन के समर्थन को लेकर सवाल पूछ गए थे। उनसे पूछा गया कि आप सिर्फ सीजेपी को सपोर्ट कर रहे हैं या कांग्रेस का भी समर्थन करेंगे?

Dhruv Rathee and Nitin Gadkari: मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आंदोलन का समर्थन करने के लिए भारत में हैं। वह एसआईआर में गड़बड़ियों के आरोप में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे। इससे पहले ही उन्हें हिरासत में भी लिया गया। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। अपनी रिहाई के बाद उन्होंने इसे किडनैप करार दिया। इसके बाद से वह लगातार मीडिया इंटरव्यू दे रहे हैं। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान नितिन गडकरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया।
बीबीसी हिंदी को दिए एक इंटरव्यू के दौरान ध्रुव राठी को सीजेपी आंदोलन के समर्थन को लेकर सवाल पूछ गए थे। उनसे पूछा गया कि आप सिर्फ सीजेपी को सपोर्ट कर रहे हैं या कांग्रेस का भी समर्थन करेंगे? उन्होंने इसके जवाब में कहा, 'मैं तो हर उस व्यक्ति का समर्थन कर रहा हूं जो इस मुद्दे का समर्थन कर रहे हैं। आज नितिन गडकरी बोल दें कि वह इस मुद्दे के समर्थन में हैं तो मैं उनका भी समर्थन करूंगा। आज नरेंद्र मोदी यह कह दें कि चुनाव आयोग में सुधार की जरूरत है तो मैं उनका भी समर्थन कर दूंगा। बात मुद्दे की होनी चाहिए। लोगों को पार्टी नहीं देखनी चाहिए।'
इमरजेंसी से भी खराब आज के हालात
अघोषित अपातकाल के आरोप पर उन्होंने कहा, 'मैं एक इंटरव्यू देख रहा था। उसमें एक बुजुर्ग बोल रहे थे उन्होंने 1975 वाली इमरजेंसी भी देखी थी और आज की स्थिति भी देख रहे हैं। उस समय ऐसी स्थिति खराब नहीं हुई थी, जैसा आज हो रहा है। जैसी ही वह बोल रहे थे कि पुलिसवाला आता है और हाथ पकड़कर ले जाता है। इससे बड़ा सबूत और कुछ नहीं हो सकता है।'
नागरिकता के सवाल पर क्या बोले ध्रुव राठी?
इससे पहले नागरिकता से जुड़े सवाल पर ध्रुव राठी ने कहा था, ''मैं एक भारतीय नागरिक हूं। मेरे पास भारतीय पासपोर्ट है और मैं यहां विरोध प्रदर्शन में शामिल होने आया हूं क्योंकि मेरा मानना है कि वोट की चोरी और निर्वाचन आयोग में गड़बड़ी एक बड़ा मुद्दा है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि वह प्रदर्शन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने कहा कि अगर उन्होंने ऐसा करने की कोशिश की तो उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया जाएगा।
अपनी नागरिकता संबंधी दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए राठी ने वीडियो में अपना पासपोर्ट दिखाया और कहा कि वह भारतीय नागरिक हैं। उन्होंने उन दावों को भी खारिज किया कि उनका विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का इरादा नहीं था।

