मैं यहां सत्ता बदलने को नहीं आया; ध्रुव राठी ने ज्ञानेश कुमार से पूछे 3 सवाल
इस रैली को सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी संबोधित किया। CJP के फाउंडर दिपके ने विरोध प्रदर्शन के दौरान PM मोदी पर लोकतंत्र की हत्या और वोट चोरी का आरोप लगाया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली से बेंगलुरु तक राजनीति गरमाई हुई है। दिल्ली में जहां कांग्रेस की अगुवाई में प्रदर्शन हो रहे हैं वहीं, बेंगलुरु में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मजमा लगा लिया है। बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आज सीजेपी ने एक रैली बुलाई, जिसमें मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।
ध्रुव राठी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि SIR को लेकर चुनाव आयोग की तरफ से पारदर्शिता और जवाबदेही बिल्कुल नहीं थी। CJP द्वारा SIR के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मैं यहां सत्ता बदलने के लिए नहीं आया हूं।"
ध्रुव राठी ने कहा, ''मैं बीजेपी वोटरों से भी यह कहना चाहता हूं कि वोट देना एक अधिकार है। बीजेपी समर्थक वोट चोरी के दावों से सहमत नहीं हैं। मेरे तीन सवाल हैं जिनका जवाब मोदी, शाह या ज्ञानेश कुमार दे सकते हैं।''
ध्रुव राठी के 3 सवाल
1. पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले 70 लाख लोगों के नाम कैसे हटा दिए गए और चुनाव के तुरंत बाद उन्हें फिर से जोड़ दिया गया? इन लोगों को वापस क्यों जोड़ा गया?
2. बिहार में क्या हुआ? 40 लाख से ज्यादा नाम हटा दिए गए, लेकिन ज्ञानेश कुमार ने तब तक एक शब्द भी नहीं कहा जब तक कि सुप्रीम कोर्ट ने इन नामों को सार्वजनिक करने का निर्देश नहीं दिया।
3. यूपी में अचानक 14 लाख से ज्यादा लोगों के नाम जोड़ दिए गए। ये लोग कौन हैं? जबकि गोवा में, EROs नाम जोड़ना चाहते थे, फिर भी ECI ने इसकी इजाजत नहीं दी।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन: दीपके
इस रैली को सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी संबोधित किया। CJP के फाउंडर दिपके ने विरोध प्रदर्शन के दौरान PM मोदी पर लोकतंत्र की हत्या और वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने SIR की चल रही प्रक्रिया को लेकर केंद्र की आलोचना की और चुनाव आयोग की ईमानदारी पर सवाल उठाए। दीपके ने बेंगलुरु में प्रदर्शन के दौरान कहा, 'हम सड़कों पर उतरेंगे, लोकतंत्र को फिर से हासिल करेंगे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफा देने तक आंदोलन जारी रखेंगे।'
इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए एक्टर और एक्टिविस्ट प्रकाश राज ने SIR प्रक्रिया को खत्म करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ वोट हटाने का मामला नहीं है, बल्कि नागरिकों की गरिमा और अधिकारों पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि CEC ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं।

