
PM मोदी ने आधे घंटे तक की मुझसे बात, राजदीप सरदेसाई ने बताया कैंसर सर्जरी पर सलाह का वाकया
संक्षेप: पीएम मोदी के कटु आलोचक कहे जाने वाले राजदीप सरदेसाई ने बताया कि मोदी जी ने मुझसे आधे घंटे तक बात की और मुझे बताते रहे कि क्या करना चाहिए। किस तरह की जिंदगी जीनी चाहिए। सुबह छह बजे उठो। ठंडे पानी से नहाओ।
वरिष्ठ पत्रकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटु आलोचक कहे जाने वाले राजदीप सरदेसाई ने पीएम मोदी की इस बात के लिए तारीफ की है कि वह अपने घोर आलोचकों की भी परवाह करते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बहुत अच्छे नेता हैं। उन्होंने बताया कि छह महीने पहले उन्हें कैंसर हुआ था। जब कैंसर की सर्जरी हो गई, तब एक दिन प्रधानमंत्री ने उन्हें फोन किया था और करीब आधे घंटे तक उनसे बातचीत की थी।

सरदेसाई ने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए कि कब जागना है और सुबह में जागते ही क्या करना है। उन्होंने कहा, “मुझे कैंसर हुआ था 6 महीना पहले। फिर इसकी सर्जरी हुई। इसके बाद अक्टूबर में मैंने अपनी सर्जरी के बारे में एक वीडियो व्लॉग में इसकी चर्चा की और लोगों के सामने अपनी बात रखी। दिवाली के समय मुझे एक फोन आया। नमस्कार.. प्रधानमंत्री जी से आपसे बात करेंगे।”
PM मोदी ने दिए क्या-क्या सलाह
सरदेसाई ने आगे कहा, “मोदी जी ने मुझसे आधे घंटे तक बात की और मुझे बताते रहे कि क्या करना चाहिए। किस तरह की जिंदगी जीनी चाहिए। सुबह छह बजे उठो। ठंडे पानी से नहाओ। वह लगातार संपर्क कर रहे हैं कि किसका बर्थडे है, किसकी कैंसर सर्जरी हुई है? राजनीति में आपको सबको साथ लेकर चलना होता है।”
बहन और बेटे PM मोदी के प्रशंसक
जब उनसे पूछा गया कि मोदी जी ने आपका वोट पाने के लिए ऐसा किया तो सरदेसाई ने कहा, "नहीं यह वोट के लिए हैं। वह उन्हें 1990 के दौर से जानते हैं। जब वह प्रधानमंत्री नहीं थे, तब से जान-पहचान है। हमारे पत्रकार और नेता के बीच जो संबंध रहते हैं। वह है। उन्हें मुझे कॉल करने की जरूरत नहीं थी लेकिन उन्होंने की।" सरदेसाई ने बताया कि जब पीएम मोदी का फोन आया था, तब उनकी बहन भी यहां आई हुई थीं, जो सिंगपुर में रहती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बहन और उनके बच्चे पीएम मोदी की इस अदा के कायल हो गए। बकौल सरदेसाई उनके घरवालों ने पीएम के इस कदम की तारीफ करते हुए कहा कि इसे कहते हैं नेता। उन्होंने कहा , मेरी बहन और बच्चे प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हैं।"





