सुनार की दुकान में हथियार लिए घुसे 2 बदमाश, दुकानदार ने अकेले ही दोनों को मार भगाया
दुकानदार ने बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। उसने बदमाशों पर ही हमला कर दिया और उन्हें दुकान से बाहर धकेलने में सफल रहा। बदमाशों ने देखा कि दुकानदार आसानी से नहीं झुकने वाला तो वे घबराकर मौके से भाग गए।

हैदराबाद के रामपल्ली एक्स रोड्स इलाके में गहनों की दुकान में सनसनीखेज घटना घटी। 2 अज्ञात बदमाश अपने चेहरे को कपड़े से ढककर दुकान में घुसे। इनमें से एक के पास पिस्तौल थी, जबकि दूसरे ने कुल्हाड़ी हाथ में पकड़ रखी थी। सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज में देखा जा सकता है कि एक बदमाश ने दुकानदार को कुल्हाड़ी दिखाकर धमकाया और उसे जबरन काबू करने की कोशिश की। बदमाश दुकान से सोना-चांदी लूटने के इरादे से आए थे, लेकिन दुकानदार ने हिम्मत नहीं हारी।
दुकानदार ने निडरता दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। उसने बदमाशों पर ही हमला कर दिया और उन्हें दुकान से बाहर धकेलने में सफल रहा। बदमाशों ने देखा कि दुकानदार आसानी से नहीं झुकने वाला, तो वे घबराकर मौके से भाग गए। इस पूरी घटना को दुकान का CCTV कैमरा रिकॉर्ड कर रहा था। इसमें देखा जा सकता है कि दुकान के अंदर 2 ग्राहक पहले से मौजूद हैं, जो कुछ गहने देख रहे हैं। इस बीच, दो बदमाश दरवाजे के सामने अपनी बाइक रोकते हैं और हथियार लहराते हुए अंदर घुस जाते हैं। जिस शख्स के पास पिस्तौल है, वो ग्राहकों को धमकाता है और वे तुरंत बाहर भाग जाते हैं।
बहुत बहादुरी से लड़ा दुकानदार
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दुकान के अंदर करीब 5 साल की बच्ची भी है, जो दुकानदार की बेटी हो सकती है। इस बीच, एक बदमाश दुकानदार को धक्का देकर नीचे गिरा देता है और दूसरा गहनों को बैग में रखने लगता है। बच्ची काफी डरी हुई है और कुर्सी पर बैठकर आवाज लगा रही है। इस बीच, दुकानदार उठ खड़ा होता है और दोनों बदमाशों पर मुक्के बरसाने लगता है। वे भी उसे पकड़कर मारने की कोशिश करते हैं। फुटेज में दुकानदार की बहादुरी साफ नजर आती है, जहां वह अकेले ही दो हथियारबंद बदमाशों को खदेड़ देता है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में दुकानदार की हिम्मत की तारीफ की है।





