
इजरायल में महिला के साथ मृत मिला था पति, पांच महीने बाद पत्नी ने केरल में की आत्महत्या
इजरायल में पांच महीने पहले पति की मौत के बाद पत्नी ने भी जहर खाकर अपनी जान दे दी है। केरल के रहने वाले जिनेश की इजरायल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसके बाद से परेशान उसकी पत्नी लगातार परेशान थी।
इजरायल में पति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के पांच महीने बाद केरल में महिला ने आत्महत्या कर ली है। वायनाड के कोलायाडी गांव की रहने वाली रेशमा(32) ने बुधवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। रेशमा के पति जिनेश की इजरायल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई थी। परिवार के मुताबिक रेशमा और जिनेश की एक दस वर्षीय बेटी भी है।
रिपोर्ट के मुताबिक मृतक जिनेश मई में इजरायल गए थे। यहां पर वह बुजुर्ग लोगों का ख्याल रखने वाली एक कंपनी में काम करते थे। इसी कंपनी की तरफ से उनकी ड्यूटी 80 वर्षीय महिला और उसके बीमार पति का ख्याल रखने के लिए लगाई गई थी, लेकिन इस साल जुलाई के महीने में महिला और जिनेश की होटल के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। गौरतलब है कि जिनेश का शव अपार्टमेंट में फांसी पर लटका हुआ मिला था, जबकि महिला चाकू के घावों से मृत पाई गई थी।
रेशमा की मौत के बाद लोगों ने इजरायल में काम करने वाले एक केरल वासी से जिनेश के मामले के बारे में जानकारी मांगी, तो उसने बताया कि अभी भी इस मामले में कोई जानकारी सामने नहीं आई है, अभी भी यह रहस्य बना हुआ है कि दोनों की मौत कैसे हुई। उसने कहा, "हमने कई बार इस बारे में इजरायल स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन हमें बताया गया कि यह मामला अदालत में विचाराधीन है।"
रेशमा की मौत के बाद कोलायादी की पूर्व पंचायत सदस्य सुजा जेम्स ने उसकी हालत के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "पति की मौत के बाद रेशमा बहुत दुखी थी। इसके अलावा जिनेश के ऊपर महिला की हत्या के आरोप लग रहे थे, जिसकी वजह से वह और भी ज्यादा परेशान थी। उन्हें कभी विश्वास नहीं हुआ कि उनके पति ने ऐसा कोई कदम उठाया होगा। उन्होंने इस मामले में कई बार अधिकारियों को मेल भेजे थे लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ।





