
हम कैसे जाएंगे जनता के बीच? इंडिगो संकट के बीच संसद में सांसद ने उठाई पीड़ा, तुरंत दखल की मांग
Indigo Crisis: भाजपा सांसद ने कहा कि हम पांच मिनट देरी से पहुंचते हैं तो एयरलाइन प्रतीक्षा नहीं करतीं और आज डीजीसीए ने अगर विमानन कंपनियों पर निगरानी के लिए कोई नियम बनाया है तो इंडिगो उसका पालन नहीं कर रही है।
Indigo Crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो इन दिनों भारी संकट से जूझ रहा है। इसका असर देशभर की उड़ानों पर पड़ा है। पिछले चार दिनों में देशभर में 1300 से ज्यादा इंडिगो विमान रद्द हुए हैं या उनमें देरी हुई हैं। इस सकंट की गूंज आज संसद में भी सुनाई दी, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद जगदंबिका पाल ने इंडिगो एयरलाइन की सैकड़ों उड़ानें रद्द होने का मुद्दा लोकसभा में उठाते हुए कहा कि सप्ताहांत में कई सांसदों को अपने क्षेत्रों में लौटने में परेशानी आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।
पाल ने शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि शुक्रवार को संसद की बैठक होने के बाद सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटते हैं और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने दिल्ली से बाहर जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इंडिगो की 400 उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं। मेरी खुद की शाम की उड़ान निरस्त हो गई। कल सुबह की उड़ान थी, वह निरस्त हो गई। अगर डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने उड़ान ड्यूटी समय सीमा तय की है तो आखिर यात्रियों की सुरक्षा, उनके प्रति विश्वसनीयता और जवाबदेही किसकी रहेगी।’’
‘हम पांच मिनट देरी से पहुंचते हैं तो…
भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘हम पांच मिनट देरी से पहुंचते हैं तो एयरलाइन प्रतीक्षा नहीं करतीं और आज डीजीसीए ने अगर विमानन कंपनियों पर निगरानी के लिए कोई नियम बनाया है तो इंडिगो उसका पालन नहीं कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि जिस कारण सैकड़ों उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में सांसद सप्ताहांत में अपने क्षेत्रों में कैसे पहुंचेंगे तथा सोमवार को संसद में कैसे लौटेंगे? पाल ने कहा कि इस स्थिति को सामान्य किया जाए और सरकार हस्तक्षेप करे। उन्होंने यह मांग भी कि ऐसी स्थिति में टिकट निरस्त होने पर यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था या राशि लौटाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
दिल्ली एयरपोर्ट की इंडिगो की आज सभी उड़ानें रद्द
इस बीच, इंडिगो एयरलाइन ने शुक्रवार को दिल्ली हवाई अड्डे से जाने वाली अपनी सभी घरेलू उड़ानों को आधी रात तक के लिए रद्द कर दिया है। दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने कहा कि अन्य सभी विमान सेवाओं का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार जारी है। DIAL ने एक पोस्ट में कहा, “5 दिसंबर 2025 को दिल्ली हवाई अड्डे से रवाना होने वाली इंडिगो की घरेलू उड़ानें आज मध्यरात्रि (23:59 बजे तक) तक रद्द कर दी गई हैं।”
चेन्नई एयरपोर्ट पर भी बुरा हाल
DIAL ने यह भी कहा कि उसकी जमीनी टीमें सभी साझेदारों के साथ पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं, ताकि परिचालन में आई बाधा को कम किया जा सके और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले। इंडिगो ने बयान जारी कर पुष्टि की कि उसने शुक्रवार रात 11.59 बजे तक दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाली सभी घरेलू उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने कहा, "हम इन अप्रत्याशित घटनाओं से प्रभावित अपने सभी ग्राहकों और हितधारकों से क्षमा चाहते हैं।" इस बीच सूत्रों के अनुसार, इंडिगो ने शुक्रवार शाम छह बजे तक चेन्नई हवाई अड्डे से जाने वाली अपनी सभी उड़ानें भी रद्द कर दी हैं।





