
कौन सा चुनाव चिह्न चाहते हैं हुमायूं कबीर, क्या रखेंगे पार्टी का नाम, आज करेंगे ऐलान
हुमायूं कबीर ने कहा कि कुल मिलाकर उनकी पार्टी 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अगर जरूरत पड़ी तो वे पूरे राज्य की सभी 294 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। कबीर ने कहा, 'हम मुर्शिदाबाद के लिए एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं, जहां 2026 के चुनाव में टीएमसी का सफाया हो जाएगा।'
पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले विधायक हुमायूं कबीर सोमवार को नई पार्टी का ऐलान करने जा रहे हैं। राज्य में सत्तारूढ़ TMC यानी तृणमूल कांग्रेस ने 4 दिसंबर कोउन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। उन्होंने बंगाल की 182 और जरूरत पड़ने पर सभी 294 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। राज्य में 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
क्या होगा चुनाव चिह्न
एजेंसी वार्ता के अनुसार, कबीर ने कहा कि उनकी पार्टी का चुनाव चिन्ह 'टेबल,' 'गुलाब,' या 'नारियल का पेड़' होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि चुनाव आयोग क्या आवंटित करता है। उन्होंने कहा, 'पार्टी के चिन्ह के लिए टेबल मेरी पहली पसंद है।' उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाने में उनकी पार्टी की अहम भूमिका होगी।
पार्टी का नाम
फिलहाल, उन्होंने पार्टी के नाम को लेकर साफतौर पर कुछ नहीं कहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कहा कि नाम चाहे जो भी हो, लेकिन उसके साथ कांग्रेस और तृणमूल जैसे शब्द नहीं जुड़े होंगे। उन्होंने कहा, 'लेकिन बंगाल की जनता खुद को उससे जोड़कर देख सकेगी। मेरी पार्टी जनता का प्रतिनिधित्व करेगी। हमारी पार्टी सिर्फ विकास की बात करेगी।'
क्या है प्लान
एजेंसी के अनुसार, उन्होंने कहा, 'अभी हमारा फॉर्मूला मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के साथ तीन सीटें, भारतीय सेक्युलर फ्रंट के साथ एक सीट और अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व वाली कांग्रेस के साथ नौ सीटें साझा करना है, अगर वे सहमत होते हैं। वरना हमारी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी और सभी 30 सीटें जीतेगी।' उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद जिले में कुल 30 सीटें हैं, जिसके लिए वह माकपा, आईएसएफ और कांग्रेस के साथ गठबंधन की पेशकश करेंगे।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर उनकी पार्टी 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अगर जरूरत पड़ी तो वे पूरे राज्य की सभी 294 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। कबीर ने कहा, 'हम मुर्शिदाबाद के लिए एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं, जहां 2026 के चुनाव में टीएमसी का सफाया हो जाएगा।' रविवार को उन्होंने कहा, 'मैं 22 दिसंबर को एक नयी राजनीतिक पार्टी की घोषणा करूंगा। मैं उस दिन 75 सदस्यों वाली राज्य समिति की घोषणा करूंगा, जिसमें मुर्शिदाबाद जिला अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इसके बाद, मैं तय करूंगा कि मैं किस पार्टी के साथ गठबंधन करूंगा।'





