
हुमायूं कबीर की ‘बाबरी’ मस्जिद के लिए जमा हो गया भारी चंदा, रात भर चलती रही गिनती
इससे पहले हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को हुए शिलान्यास कार्यक्रम स्थल पर 11 बड़े स्टेनलेस स्टील के दान पात्र रखे थे और लोगों से चंदे की अपील की थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि तब से कई समर्थक पैसे और मस्जिद निर्माण के लिए ईंटें लेकर आ रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर के बाबरी जैसी मस्जिद ऐलान के बाद मुर्शिदाबाद जिले में मस्जिद का शिलान्यास हो चुका है और अब इसके निर्माण की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इस बीच यह खबर सामने आई है कि मस्जिद बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक करीब 1.3 करोड़ रुपये का चंदा जमा हो चुका है। हुमायूं कबीर के करीबी लोगों ने बताया है कि चंदे के लिए जगह-जगह लगाए गए दानपत्र लगभग पूरी भर चुके हैं। वहीं नकदी गिनने के लिए मशीनों की मदद लेनी पड़ी है जिनसे रात भर चंदे की गिनती चलती रही।
जानकारी के मुताबिक मस्जिद के लिए लोग नकदी और ऑनलाइन, दोनों तरीके से दान दे रहे हैं। कबीर के करीबी लोगों ने सोमवार को बताया कि 4 दान पेटियों और एक बोरी से अब तक कम से कम 37.33 लाख रुपए नकद गिने गए हैं। वहीं क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन योगदान की रकम 93 लाख रुपए तक पहुंच गई है, जिससे कुल राशि 1.30 करोड़ रुपए हो गई है। इसके अलावा अभी सात और सीलबंद पेटियों को खोला जाना बाकी है।
6 दिसंबर को शिलान्यास
इससे पहले हुमायूं कबीर ने शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मुर्शिदाबाद के रेजिनगर में बाबरी जैसी मस्जिद की आधारशिला रखी थी। उन्होंने इसके लिए 6 दिसंबर का दिन चुना। उनके इस कदम से बंगाल का सियासी पारा चढ़ गया है जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
30 लोगों की टीम गिनती में जुटी
कबीर ने छह दिसंबर को शिलान्यास कार्यक्रम स्थल पर 11 बड़े स्टेनलेस स्टील के दान पात्र रखे थे और लोगों से चंदे की अपील की थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि तब से समर्थक नकदी और यहां तक कि मस्जिद निर्माण के लिए ईंटें लेकर आ रहे हैं। रविवार शाम सात बजे से नकदी की गिनती शुरू हुई और मध्य रात्रि तक जारी रही। इस काम में 30 लोगों की एक विशेष टीम जुटी हुई है।
गिनती का सीधा प्रसारण
हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि उम्मीद से अधिक चंदा मिल रहा है। उनके मुताबिक देश के बाहर से भी दान आ रहा है। कबीर ने बताया है कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए गिनती का सीधा प्रसारण किया जा रहा है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक अन्य सात दानपत्र सोमवार शाम पांच बजे खोले जाएंगे और एक टीम इस प्रक्रिया की निगरानी करेगी। विधायक के करीबियों ने बताया है कि एकत्रित धन को सीसीटीवी निगरानी वाले सुरक्षित कमरे में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है तथा इसे जमा कराने के लिए बैंकों के साथ चर्चा चल रही है।





