Explainer: जोश में होश गंवा बैठी कांग्रेस! CJI पर कर दी ये बड़ी गलती; एक ट्वीट से कैसे सब गुड़-गोबर?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने भी CJI सूर्यकांत के इस्तीफे की मांग करने वाले इस सोशल मीडिया पोस्ट की निंदा की है। एसोसिएशन ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न्यायपालिका की संस्था को कमतर दिखाती हैं।

cji suryakant refuse to meet rahul gandhi
CJI सूर्यकांत और राहुल गांधी (फाइल फोटो)

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी और विपक्षी इंडिया गठबंधन के घटक दल पिछले करीब एक सप्ताह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस और उनका गठबंधन वोट चोरी का आरोप लगा SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर एक नैरेटिव बनाने और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ असंतुष्टों की भीड़ जमा करने में कामयाब रही थी। सोमवार को जब गठबंधन ने बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला तो शनिवार और रविवार को हुए CJP के प्रदर्शनों से अलग तस्वीर सामने आई लेकिन देर शाम होते-होते केरल कांग्रेस ने एक ऐसी गलती कर दी, जिससे कांग्रेस झट से बैकफुट पर आ गई।

दरअसल, हुआ ये कि दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े एक सवाल के जवाब में देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने दिन में कहा था कि 'यह मेरा मुद्दा नहीं है और इस पर मैं कुछ नहीं बोलूंगा।' प्रधान न्यायाधीश विज्ञान भवन में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जब पत्रकारों ने दिल्ली में प्रदर्शनों और आवाजाही पर पाबंदियों के बारे में पूछा तो CJI ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने दो टूक कहा, ''यह मेरा मुद्दा नहीं है।'' जब उच्चतम न्यायालय तक विपक्ष के मार्च के बारे में पूछा गया तो सीजेआई ने कहा, ''मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।''

कांग्रेस के ट्वीट में क्या?

CJI की इसी टिप्पणी से खफा कांग्रेस की केरल यूनिट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि अगर कानून और व्यवस्था संभालना उनका काम नहीं है, तो वे इस्तीफा दे दें। ट्वीट में साफ-साफ लिखा गया, "प्रिय सूर्यकांत, अगर कानून-व्यवस्था संभालना आपके बस की बात नहीं है, तो अभी इस्तीफा दे दें। हम आपका विकल्प ढूंढ़ लेंगे जो इसे संभाल सके।" कांग्रेस के इस ट्वीट पर हंगामा मच गया। देखते ही देखते भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोलना शुरू कर दिया।

रिजिजू ने साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर न्यायापलिका पर निशाना साधने का आरोप लगाया। केरल कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट का जवाब देते हुए उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी का अगला निशाना न्यायपालिका है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर उस पोस्ट को कोट करते हुए लिखा कि उन्होंने पहले भी यह बात कही थी। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस भारत के सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थानों को खत्म करना चाहती है। उन्होंने आगे लिखा कि सभी भारत-विरोधी समूह आपस में हाथ मिला रहे हैं, जबकि सभी देशभक्त भारतीय भी एकजुट होकर सामने आएंगे।

भाजपा ने गांधी परिवार को लपेटा

भाजपा के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी कड़ी प्रतिक्रिया जारी की गई है। इसमें कहा गया है, "यह सिर्फ उस परिवार की सोच है जो मानता है कि हर संस्था को गांधी परिवार के सामने झुकना चाहिए! कांग्रेस के लिए "आज़ाद संस्थाओं" की परिभाषा क्या है? गांधी परिवार को छोड़कर बाकी सबसे आज़ाद। CEC उनकी बात नहीं माने तो इस्तीफ़े की मांग करो। CJI उनके हिसाब से काम नहीं करें तो इस्तीफे की मांग करो।" इसमें आगे कहा गया है “जैसे ही कोई संस्था उनके इशारों पर नाचने से मना करती है, कांग्रेस उसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाने लगती है। यह लोकतंत्र को बचाने की बात नहीं है। यह एक ऐसे परिवार की बात है जो ऐसी संस्थाओं को बर्दाश्त नहीं कर सकता जिन्हें वह कंट्रोल नहीं कर सकता। कांग्रेस को आज़ाद संस्थाएं नहीं चाहिए। उसे ऐसी संस्थाएं चाहिए जो गांधी परिवार की बात मानें!”

कांग्रेस ने पोस्ट को हटाया

दूसरी तरफ, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने भी CJI सूर्यकांत के इस्तीफे की मांग करने वाले इस सोशल मीडिया पोस्ट की निंदा की है। एसोसिएशन ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न्यायपालिका की संस्था को कमतर दिखाती हैं और न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप की कोशिश के समान हैं। जब चहुंओर हंगामा मचने लगा तो केरल कांग्रेस ने उस पोस्ट को हटा दिया। बड़ी बात यह है कि ये सब ऐसे वक्त पर हुआ जब राहुल गांधी ने विपक्ष के 11 नेताओं के साथ मिलकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की है और वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त समेत दोनों अन्य आयुक्तों को पार्टी बनाया है। इससे पहले राहुल गांधी ने इसी मुद्दे पर CJI सूर्यकांत से मुलाकात की मांग की थी लेकिन उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया था। CJI ने राहुल गांधी को कोर्ट में अर्जी डालने की सलाह दी थी।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजोश में होश गंवा बैठी कांग्रेस! CJI पर कर दी बड़ी गलती; कैसे सब गुड़-गोबर?