अब PM फेस कैसे बनेंगे विजय थलपति, राहुल गांधी वाले INDIA गठबंधन में आ गए
पहली ही चुनावी पार्टी में तगड़ डेब्यू करने वाले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने दांव खेला है। 2029 में पीएम पद के लिए रेस में होने की चर्चा के बीच उनकी पार्टी टीवीके INDIA गठबंधन में शामिल हो गई है।

लोकसभा चुनाव 2029 में प्रधानमंत्री चेहरा कौन होगा, इस बहस के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बड़ा फैसला ले लिया है। उनकी पार्टी तमिलागा वेत्री कझगम या TVK औपचारिक रूप से INDIA यानी प्रमुख विपक्षी गठबंधन में शामिल हो गई है। हालांकि, संसद में एक भी सीट नहीं होने के चलते यह गठबंधन अभी दिल्ली तक नहीं पहुंच सका है। खास बात है कि विजय का यह कदम ऐसे समय पर आया है, जब देश में तीसरे मोर्चे की भी चर्चाएं जोरों पर हैं।
कांग्रेस ने टीवीके पार्टी के INDIA गठबंधन में आने की पुष्टि कर दी है। पार्टी के तमिलनाडु प्रमुख बी मणिकम टैगोर ने इसे ऐतिहासिक बताया है। साथ ही कहा कि टीवीके के गठबंधन में शामिल होने से तमिलनाडु में विपक्षी मोर्चा और मजबूत होगा और आरएसएस-भाजपा सरकार, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ राजनीतिक मुकाबला और अधिक प्रभावी होगा।
मजबूरी या जरूरी?
विजय के इस फैसले को लेकर कई तरह की अटकलें हैं। एक वजह राजनीतिक मजबूरी भी कही जा रही है। दरअसल, जब तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए, तो टीवीके सबसे बड़ा दल बना, लेकिन 108 सीटें जीत पाया था। अब उसे सरकार बनाने के लिए कम से कम 10 और सीटों की जरूरत थी। ऐसे में कांग्रेस और लेफ्ट ने साथ दिया। वहीं, VCK और IUML जैसे दलों की मदद से पार्टी राज्य की सत्ता तक पहुंची।
टीवीके के इस फैसले को जरूरत के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। पहली वजह है कि जिस गठबंधन की राज्य में सरकार है, वैसा ही ढांचा INDIA गठबंधन का है। दूसरा, लोकसभा चुनाव 2029 में इसके जरिए विजय की पार्टी लोकसभा सीटों के लिए मजबूत हिस्सेदारी के लिए दावा पेश कर सकेगी और राष्ट्रीय स्तर पर नया गठबंधन नहीं बनाना पड़ेगा।
बैठक में कौन पहुंचा
शनिवार को हुई मीटिंग में कांग्रेस, टीवीके, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, वीसीके, एमडीएमके और आईयूएमएल के नेता पहुंचे थे। वहीं, टीवीके से अधव अर्जुन और मारी विल्सन थे।
फिर PM उम्मीदवारी का क्या
टीवीके मजबूती के साथ विजय को अगला पीएम फेस घोषित कर रही थी। इसके चलते पार्टी की कांग्रेस के साथ जमकर बयानबाजी भी हुई। खास बात है कि शनिवार को बैठक में शामिल होने वाले नेता अर्जुन भी इसके संकेत दे चुके थे। अगस्त में उन्होंने कहा था कि भविष्य का प्रधानमंत्री दक्षिण भारतीय राज्य से होगा और तमिलनाडु से निकलेगा।
उन्होंने कहा था, 'मैं आज साफ तौर पर कहता हूं कि प्रधानमंत्री दक्षिण से ही आना चाहिए और दक्षिण से ही प्रधानमंत्री बनेगा, हो सकता है अभी नहीं। भविष्य में वह हर भारतीय का प्रतिनिधित्व करेगा और हर भारतीय के साथ समान व्यवहार करेगा।'
तीसरे मोर्चे का क्या?
हाल ही में खबरें आईं थीं कि द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम सांसद कनिमोई बगैर कांग्रेस के तीसरे मोर्चे के लिए क्षेत्रीय दलों को एकजुट कर रहीं हैं। इस संबंध में वह पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मिली थीं। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया था। वहीं, हाल ही में हुई INDIA की राष्ट्रीय बैठक में बनर्जी पहुंचीं थीं। ऐसे में तीसरे मोर्चे की चर्चा ठंडे बस्ते में नजर आ रही है।


