आरक्षण देने के लिए 6 साल से नौकरी कर रहे शिक्षकों की नौकरी छीनेगी UP सरकार? SC में सुनवाई

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित सामान्य श्रेणी के शिक्षकों ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि उन्हें नौकरी से नहीं हटाया जाए। अनारक्षित श्रेणी ने पीठ से कहा कि चयनित शिक्षक पिछले 6 साल से नौकरी कर रहे हैं और इसमें उनकी कोई गलती नहीं है।

teacher recruitment case UP
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती मामले में उत्तर प्रदेश सरकार से सवाल किया कि जब आप नौकरी कर रहे अनारक्षित वर्ग के शिक्षकों को हटाने के पक्ष में नहीं हैं तो आरक्षित वर्ग के उम्मीवारों को न्याय कैसे मिलेगा जो संघर्ष कर रहे हैं। शीर्ष अदालत ने यह टिप्पणी तब की, जब राज्य सरकार के अधिवक्ता ने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित और कई सालों से नौकरी कर रहे सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को हटाने के पक्ष में नहीं है।

जस्टिस एसबीएन. भट्टी और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ के समक्ष उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों के लिए 69000 सहायक शिक्षक भर्ती मामले में अंतिम दौर की सुनवाई शुरू हो गई। यूपी सरकार की ओर से अधिवक्ता अंकित गोयल ने पीठ से कहा कि राज्य सरकार किसी भी चयनित शिक्षक जो कई सालों से नौकरी कर रहे हैं, को हटाने के पक्ष में नहीं है।

SC ने दागे सवाल

इस पर जस्टिस भट्टी ने उनसे सवाल करते हुए कहा कि जब आप नियमों की अनदेखी कर नियुक्त शिक्षकों को हटाने के पक्ष में नहीं हैं तो आरक्षित वर्ग के उन उम्मीदवारों को न्याय कैसे मिलेगा जो पिछले कई साल से संघर्ष कर रहे हैं। जवाब देते हुए अधिवक्ता गोयल ने कहा कि हम उन्हें न्याय देने के लिए तत्पर हैं लेकिन यदि उनकी संख्या अधिक होती है हमें इस पर विचार करना होगा। उन्होंने पीठ से इस मामले में समुचित रूख अपनाने के लिए 10 दिन का समय मांगा। अधिवक्ता गोयल ने कहा कि पिछली पीठ इस मामले को अनुच्छेद 142 के तहत निस्तारित करने के पक्ष में थी तो जस्टिस भट्टी ने कहा कि पिछली पीठ के समक्ष क्या हुआ, आप हमें यहां यह न बताएं बल्कि हमें जो सुनना है हम वह सुनेंगे। पीठ ने कहा कि पहले हम इस भर्ती में जितनी भी 8 श्रेणी बनी हैं उन सबको बारी-बारी से सुनेंगे फिर उसके बाद राज्य सरकार का पक्ष सुनेंगे।

इस मामले में नोडल अधिवक्ता ने 8 श्रेणी के तौर पर मुद्दा बांटा है। इनमें प्रमुख श्रेणी आरक्षित श्रेणी, अनारक्षित श्रेणी, ईडब्ल्यूएस, बीएड-बीटीसी, एक्स सर्विसमैन, उत्तर कुंजी, शिक्षामित्र, जिला वरीयता/विविध शामिल हैं। मामले की सुनवाई बुधवार को भी होगी। पीठ ने कहा कि अगर हम बुधवार को सुनवाई पूरी नहीं कर सके तो गुरुवार को भी सुनवाई जारी रखेंगे।

हमें नौकरी से न हटाया जाए- चयनित शिक्षक

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित सामान्य श्रेणी के शिक्षकों ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि उन्हें नौकरी से नहीं हटाया जाए। चयनित अनारक्षित श्रेणी के शिक्षकों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश द्विवेदी और अन्य ने पीठ से कहा कि हम चयनित शिक्षक पिछले 6 साल से नौकरी कर रहे हैं और हमारी कोई गलती नहीं है। इसलिए हमें इस भर्ती प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जाए। नौकरी कर रहे शिक्षकों ने कहा कि राज्य सरकार भी हमें हटाने के पक्ष में है और अपने हलफनामे में भी स्थिति स्पष्ट कर चुकी है।

ईडब्ल्यूएस का मुद्दा नहीं

उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में ईडब्ल्यूएस कोई मुद्दा नहीं है। सरकार ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट पहले ही इस मुद्दे को पूरी तरह से खारिज कर चुकी है क्योंकि इस शिक्षक भर्ती के विज्ञापन में ईडब्ल्यूएस नहीं था, इसलिए ईडब्ल्यूएस को इस भर्ती में आरक्षण नहीं दिया जा सकता। शीर्ष अदालत ने भी इस दलील को स्वीकार करते हुए कहा कि इस भर्ती में ईडब्ल्यूएस अब कोई मुद्दा नहीं है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsआरक्षण देने के लिए 6 साल से नौकरी कर रहे शिक्षकों की नौकरी छीनेगी UP सरकार?