दुनिया के पास अब बस कुछ ही हफ्तों का तेल बचा, भारत में कितने दिन का स्टॉक
मार्च और अप्रैल में वैश्विक तेल भंडार रिकॉर्ड गति से घटे हैं। इन दो महीनों में 24.6 करोड़ बैरल तेल भंडार कम हुआ। पिछले सप्ताह एजेंसी ने कहा था कि पश्चिम एशिया संकट के कारण इस वर्ष वैश्विक तेल आपूर्ति मांग से कम रहने की आशंका है।

IEA यानी अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने सोमवार को तेल भंडारों को लेकर चेतावनी जारी की है। एजेंसी का कहना है कि दुनिया में व्यावसायिक तेल भंडार तेजी से खत्म हो रहे हैं। मौजूदा स्थिति में केवल कुछ हफ्तों का स्टॉक ही बचा है। एजेंसी प्रमुख फैतिह बिरोल ने कहा युद्ध और होर्मुज बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ा है, जिससे बाजार में भारी दबाव बन गया है। ऐसे में चर्चाएं तेज हो गईं हैं कि भारत में कितने दिनों का तेल भंडार बचा हुआ है। खास बात है कि मंगलवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं।
दो दिनों में 24 करोड़ बैरल से ज्यादा तेल घटा
पेरिस में आयोजित जी-7 देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए बिरोल ने कहा, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए रणनीतिक तेल भंडारों से रोजाना 25 लाख बैरल तेल बाजार में उतारा जा रहा है, लेकिन ये भंडार असीमित नहीं हैं। मार्च और अप्रैल में वैश्विक तेल भंडार रिकॉर्ड गति से घटे हैं। इन दो महीनों में 24.6 करोड़ बैरल तेल भंडार कम हुआ। पिछले सप्ताह एजेंसी ने कहा था कि पश्चिम एशिया संकट के कारण इस वर्ष वैश्विक तेल आपूर्ति मांग से कम रहने की आशंका है।
भारत में कितने दिन का स्टॉक
12 मई, मंगलवार को पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद दो महीने के ईंधन भंडार के साथ भारत को आपूर्ति को लेकर कोई चिंता नहीं है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं और खुदरा कीमतों में बदलाव नहीं किया गया, तो सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों को एक ही तिमाही में एक लाख करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है।
मंत्री ने बताया था कि भारत के पास इस वक्त लगभग 60 दिन का कच्चे तेल का भंडार, 60 दिन का एलएनजी भंडार और 45 दिन का एलपीजी भंडार है।
फिर बढ़ीं कीमतें
मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दाम 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ गए। पिछले एक हफ्ते से भी कम समय में यह दूसरी बढ़त है। खबर है कि इस इजाफे के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल की कीमत 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे महंगा होकर 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94 पैसे महंगा होकर 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल के दाम सबसे ज्यादा बढ़े हैं। पेट्रोल 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गया है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

