स्मित मच्छार अब कहां हैं, कैसी है हालत; आसमान से 180 लोगों को बचा लाए
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार सही सलामत हैं और उनका इलाज चल रहा है। 180 यात्रियों से भरे हुए वाहन को उनका सह पायलट क्रैश कराने की कोशिश कर रहा था और उससे निपटने के प्रयास में मच्छार बुरी तरह घायल हो गए थे।

स्मित मच्छार, वहीं भारतीय बहादुर जो खुद घायल होने के बाद भी 170 से ज्यादा यात्रियों को खतरे से बाहर निकाल लाए। फिलहाल, उनका इलाज सऊदी अरब में चल रहा है और भारतीय दूतावास की तरफ से उनका हेल्थ अपडेट भी जारी किया गया है। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्मित मच्छार बोइंग 737 फ्लायदुबई के सह पायलट थे।
रियाद में भारतीय दूतावास ने बताया है कि स्मित मच्छार के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। दूतावास ने कहा, 'रियाद में हमारी एम्बेसी और जेद्दा में हमारा कॉन्सुलेट, फ्लाईदुबई की उस फ्लाइट के बहादुर भारतीय पायलट मिस्टर स्मित मच्छार की सेहत पर नजर रखे हुए हैं, जिसे आज तबुक डायवर्ट किया गया था। उन्हें सऊदी अरब के उत्तर पश्चिम में ताबुक शहर में भर्ती कराया गया है और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रहीं हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'उनके स्वास्थ्य पर एक फुल अपडेट आना अभी बाकी है, लेकिन खबर है कि उनकी हालत स्थिर है। हम उम्मीद करते हैं कि वह अपनी चोटों से जल्द उबर जाएं। हम उनके परिवार के साथ संपर्क में हैं और आश्वासन दे रहे हैं कि हम सऊदी के अधिकारियों से उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारियां जुटाते रहेंगे और बेहतरी के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।'
हजारों फीट की ऊंचाई पर हुआ क्या था
फ्लायदुबई के जिस विमान की चर्चा है, वो दुबई से इजरायल की राजधानी तेल अवीव जा रहा था। करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहे विमान में अचानक मच्छार पर उनके सह पायलट ने हमला कर दिया। खबर है कि जिस पायलट ने मच्छार पर हमला किया था, उसका मकसद फ्लाइट को क्रैश कराने का था।
अब इस हमले में गुजरात के रहने वाले भारतीय पायलट बुरी तरह घायल हो गए थे, लेकिन बहादुरी से डटे रहे। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों ने हमलावर को काबू करने में मच्छार की मदद की। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि सह-पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। सह-पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है।
14 हजार फीट नीचे आया
दुबई से उड़ान भरने के लगभग ढाई घंटे बाद यह विमान हाथापाई के दौरान 34 सेकंड के भीतर 33,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से गिरकर 17,000 फीट पर आ गया। वहीं, भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार के माता-पिता सऊदी अरब के लिए रवाना हो गए। नेतन्याहू ने भारतीय पायलट को सच्चा हीरो बताया है और जमकर सराहना की है।
हाईजैक की हुई थी आशंका
दरअसल, जिस समय विमान से अलर्ट भेजे जा रहे थे, तब हाईजैक की आशंका भी जताई गई। इसकी वजह विमान ने ‘7500’ कोड भेजा था। पायलट ने विमान हाइजैक का संकेत भेजा और ‘आतंकी’ हमले की कोशिश बताया। यह कोड मिलने के बाद एटीसी स्थिति की पुष्टि करने का प्रयास करता है। पुष्टि होने पर सुरक्षा एजेंसियों और जरूरत पड़ने पर वायुसेना को सतर्क किया जाता है। रूट के अन्य मार्गों को संदेश जाता है।
PM मोदी ने भी की तारीफ
गुरुवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मच्छार की तारीफ की। उन्होंने लिखा, 'कैप्टन स्मित मच्छार हीरों हैं। खतरे का सामना करते हुए बुरी तरह घायल होने के बाद भी उन्होंने साहस और दूसरों की जान बचाने का संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी ने सैकड़ों लोगों की जान बचा ली और बड़ी घटना होने से बचा लिया। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'


