भारत को दहलाने की तैयारी में थे मौलवी-डॉक्टर, कैसे IPS सुंदर ने नाकाम की साजिश; पकड़ा मॉड्यूल

भारत को दहलाने की तैयारी में थे मौलवी-डॉक्टर, कैसे IPS सुंदर ने नाकाम की साजिश; पकड़ा मॉड्यूल

संक्षेप:

पुलिस ने नवगाम के तीन और स्थानीय निवासियों को भी गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह एक बेहद बारीकी से की गई फॉरवर्ड और बैकवर्ड इन्वेस्टिगेशन थी, जिसने पूरे नेटवर्क की कड़ी-दर-कड़ी पहचान की।

Nov 13, 2025 06:51 am ISTAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, श्रीनगर
share

जब 19 अक्टूबर की रात श्रीनगर के नवगाम-बुनपोरा इलाके में अचानक जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर चिपकाए गए तो ज्यादातर स्थानीय लोगों ने इसे कश्मीर के पुराने उथल-पुथल भरे दौर की एक और झलक समझकर अनदेखा कर दिया। लेकिन श्रीनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. जीवी सुंदर चक्रवर्ती के लिए यह सिर्फ दीवार पर लगे कुछ पोस्टर नहीं थे- यह किसी बड़ी साजिश का संकेत था। इन पोस्टरों में सुरक्षा बलों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। एसएसपी चक्रवर्ती खुद एक डॉक्टर रह चुके हैं। उन्होंने उसी रात यूएपीए, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत नवगाम थाने में मामला दर्ज करने का आदेश दिया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सीसीटीवी से खुली गुत्थी

पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को फ्रेम दर फ्रेम खंगाला। वीडियो में तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिन्हें बाद में हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया एक नाम- मौलवी इरफान अहमद, जो 2020 से नवगाम मस्जिद में नमाज पढ़ा रहा था और शोपियां का रहने वाला है।

शोपियां से हरियाणा-यूपी तक फैला नेटवर्क

पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई की। मौलवी इरफान के शोपियां स्थित घर और नवगाम में उसके ठिकाने पर तलाशी ली गई। उसके डिजिटल कम्युनिकेशन की जांच में ऐसे लिंक मिले जो जम्मू-कश्मीर से बाहर तक फैले थे यानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक। जांच के आधार पर पुलिस टीम ने फरीदाबाद में एक मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉ. मुजम्मिल अहमद गनई को गिरफ्तार किया। वह पुलवामा का रहने वाला है और जैश नेटवर्क से जुड़ा पाया गया। जो जांच एक साधारण पोस्टर मामले के रूप में शुरू हुई थी, उसने जल्द ही वाइट-कॉलर यानी शिक्षित वर्ग के आतंकियों के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

स्थानीय मददगार भी गिरफ्तार

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने नवगाम के तीन और स्थानीय निवासियों को भी गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह एक बेहद बारीकी से की गई फॉरवर्ड और बैकवर्ड इन्वेस्टिगेशन थी, जिसने पूरे नेटवर्क की कड़ी-दर-कड़ी पहचान की। जांच में यूपी और हरियाणा के डॉक्टरों की गिरफ्तारी हुई। आगे की पूछताछ में कई और लिंक सामने आए, जिनसे आईईडी बनाने की सामग्री समेत कई अहम बरामदगियां हुईं।

डॉ. चक्रवर्ती: डॉक्टर से आईपीएस तक का सफर

डॉ. जीवी सुंदर चक्रवर्ती, 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले के कल्लूर में जन्मे, वे सरकारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीवी राम गोपाल राव और स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी पी.सी. रंगम्मा के पुत्र हैं। उन्होंने 2010 में कर्नूल मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की और कुछ समय तक वहीं डॉक्टर के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईपीएस चुना।

जम्मू-कश्मीर में रहते हुए उन्होंने कई बड़े आतंकी अभियानों में नेतृत्व किया है। 14 अगस्त को उन्हें छठा राष्ट्रपति पुलिस पदक (गैलेंट्री) प्रदान किया गया। 21 अप्रैल 2025 को उन्होंने श्रीनगर के एसएसपी के रूप में कार्यभार संभाला।

पोस्टर केस: करियर की सबसे पेचीदा जांच

नवगाम पोस्टर प्रकरण अब डॉ. चक्रवर्ती के करियर की सबसे जटिल जांचों में से एक माना जा रहा है- जिसने मौलवी, डॉक्टर और मॉड्यूल्स के असामान्य गठजोड़ को उजागर किया। यह मामला इस बात का भी प्रमाण है कि आतंकवाद का चेहरा अब केवल बंदूक या बम से लैस नहीं है, बल्कि शिक्षा, पेशेवर पहचान और तकनीक के आड़ में छिपे सफेदपोश नेटवर्क के रूप में भी उभर रहा है और उसे मात देने के लिए ऐसे ही सजग अधिकारियों की जरूरत है, जो न सिर्फ कानून को जानते हों, बल्कि इंसानी व्यवहार की गहराई को भी समझते हों।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar
अमित कुमार एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में नौ वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। हिन्दुस्तान डिजिटल के साथ जुड़ने से पहले अमित ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है। अमित ने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला (डिजिटल) से की। इसके अलावा उन्होंने वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे मीडिया हाउस में काम किया है, जहां उन्होंने न्यूज रिपोर्टिंग व कंटेंट क्रिएशन में अपनी स्किल्स को निखारा। अमित ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में मास्टर (MA) किया है। अपने पूरे करियर के दौरान, अमित ने डिजिटल मीडिया में विभिन्न बीट्स पर काम किया है। अमित की एक्सपर्टीज पॉलिटिक्स, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेट रिपोर्टिंग और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई है। अमित नई मीडिया तकनीकों और पत्रकारिता पर उनके प्रभाव को लेकर काफी जुनूनी हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।