दिल्ली में कैसे गिरी हॉस्टल की बिल्डिंग, शुभेंदु को क्यों सता रही वोट की चिंता; टॉप-5 खबरें

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला हॉस्टल गिरने की खबर की बेहद हैरान करने वाली वजह सामने आई है। वहीं, शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में एक नई योजना लाने की तैयारी में हैं। पढ़िए आज शाम की टॉप-5 खबरें...

Satya Niketan in South West Delhi
दिल्ली में हादसे वाली जगह पर चल रहा बचाव कार्य।

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला हॉस्टल गिरने की खबर की बेहद हैरान करने वाली वजह सामने आई है। वहीं, शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में एक नई योजना लाने की तैयारी में हैं। हालांकि उन्होंने आशंका जताई कि इससे उनके कुछ वोट कम हो सकते हैं। पढ़िए आज शाम की टॉप-5 खबरें...

कैसे गिरी सत्य निकेतन में हॉस्टल की बिल्डिंग

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला हॉस्टल की इमारत गिरने की खबर से हर कोई परेशान है। कई छात्र इस हादसे की चपेट में आ गए हैं। उन्हें मलबे से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दिल्ली पुलिस केसाथ एनडीआरएफ की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग के बेसमेंट में काम चल रहा था जिसके चलते इसकी नींव कमजोर हो गई और इमारत गिर गई। ये बिल्डिंग 80 गज की थी जिसमें हर फ्लोर पर पांच कमरे थे। रविवार होने के चलते ज्यादातर छात्र बाहर थे या फिर खाना खाने गए हुए थे। पूरी खबर

सीएम शुभेंदु का क्या प्लान

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बच्चों को लेकर बड़ी योजना बना रहे हैं। इसके तहत स्कूलों में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि गुजरात में 12वीं तक के स्कूलों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। उन्होंने आगे कहा कि हो सकता है कि इससे मेरे कुछ वोट कम हो जाएं, लेकिन फिर भी मैं कहूंगा कि स्कूलों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित होना चाहिए। शुभेंदु ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में कुछ कड़े फैसले भी ले सकती है। पूरी खबर

अमेठी हार को स्मृति ईरानी ने किया याद

भाजपा महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अमेठी में पिछले लोकसभा चुनाव में अपनी हार को याद किया। उन्होंने कहा कि फर्क सिर्फ इतना था कि 2019 की जीत के बाद लोग मुझे तलाश रहे थे, लेकिन 2024 में हारने के बाद कोई ढूंढ नहीं रहा था। ईरानी ने बताया कि रिजल्ट वाले दिन मैं अमेठी में अपने घर के मंदिर में गई। वहां प्रतिमा को देखकर मैंने कहा कि जो किया अच्छा किया। मुझे याद है कि मेरे बगल में खड़े कार्यकर्ता शॉक्ड थे और सोच रहे थे कि दीदी को सदमा पहुंच गया है। पता नहीं क्यों बहकी-बहकी बातें कर रही हैं। शाम के छह बज रहे थे तब। पूरी खबर

BCCI मीटिंग से गायब रहने वाले अगरकर कहां दिखे

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार (3 सितंबर) को मुंबई स्थित अपने मुख्यालय में रिव्यू मीटिंग की। हालांकि, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर नहीं आए थे। वह ऑनलाइन भी नहीं जुड़े। मीटिंग से गायब रहने वाले अगरकर रविवार (6 सितंबर) को चेन्नई में दिखे। दरअसल, अगरकर यहां दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल देखने पहुंचे, जो ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा। पूरी खबर

अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर जोक, समय रैना ने क्या किया

स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' पहले सीजन में जितना बड़ा हिट रहा, इसके कुछ ही वक्त बाद विवादों में आ गया। इसके बाद उन्हें मुसीबतों के एक लंबे दौर से निकलना पड़ा, जिसके कुछ महीने बाद उन्होंने इंडियाज गॉट लेटेंट (सीजन 2) के साथ धमाकेदार कमबैक किया। पहले सीजन के मुकाबले उनके शो का यह सीजन और भी बड़ा हिट रहा। हालांकि सीजन-2 में समय रैना बहुत फूंक-फूंककर कदम बढ़ा रहे हैं। शो के हालिया एपिसोड में जब एक कंटेस्टेंट ने अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर जोक मारने की कोशिश की तो समय रैना ने उसे वहीं रोक दिया। पूरी खबर

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsकैसे गिरी हॉस्टल की बिल्डिंग, शुभेंदु को क्यों वोट की चिंता; Top 5 खबरें