तमिलनाडु में भीषण हादसा, खाई में गिरी वैन, 9 की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

केरल के पर्यटकों से भरी एक वैन का तमिलनाडु में एक्सीडेंट हो गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 13 लोगों को लेकर जा रही वैन वालपराई के पहाड़ी रास्ते पर अपना नियंत्रण खो बैठी और खाई में गिर गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है।

तमिलनाडु में भीषण हादसा, खाई में गिरी वैन, 9 की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

तमिलनाडु में एक भीषण वैन हादसे में 9 पर्यटकों की मौत हो गई है। केरल के मलप्पुरण जिले से आ रही इस वैन में 13 लोग सवार थे। वालपराई-पोल्लाची पहाड़ी मार्ग से गुजरते हुए वैन ने अपना नियंत्रण खो दिया और खाई में गिर गई। इस हादसे में 9 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई इस दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। इस दुर्घटना में अपनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हो जाएं।”

बता दें, केरल के मलप्पुरम जिले से 13 लोगों को ले जा रही वैन वालपराई-पोल्लाची पहाड़ी सड़क पर उतरते समय अनियंत्रित हो गई थी। 13वें घुमावदार मोड़ पर वाहन एक बैरियर से टकराया और एक गहरी खाई में गिर गया। इस घटना के बाद के एक वीडियो में वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही थी।

एनडीटीवी से बात करते हुए वालपराई थाने के अधिकारी ने बताया, "आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। चालक गंभीर रूप से घायल है। एक और व्यक्ति की पोलाची सरकारी अस्पताल में मौत हो गई।" माना जा रहा है कि मृतकों में से कुछ मलप्पुरम के एक स्कूल के शिक्षक थे, जो वालपराई की यात्रा पर थे और घर लौट रहे थे। फिलहाल घायलों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी मृतकों के परिवारजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें