केंद्रीय गृह मंत्रालय में भी घूसखोरी! FCRA लाइसेंस के बदले रिश्वत लेते 2 अफसर गिरफ्तार
एफसीआरए पंजीकरण में मदद करने के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में गृह मंत्रालय के दो अफसरों को गिरफ्तार किया किया गया है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। क्या हैं आरोप?

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने घूसखोरी की खबर सामने आने से हड़कंप मच गया है। यहां हाल ही में MHA के 2 अफसरों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) के तहत एक संस्था का पंजीकरण कराने में मदद करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में गृह मंत्रालय के दो अधिकारियों को हिरासत में लिया है।
गृह मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि, दो अधिकारियों, एक वरिष्ठ लेखाकार और एक लेखाकार, को 28 सितंबर को दिल्ली में पकड़ा गया है। मंत्रालय ने कहा कि उनमें से एक वर्तमान में गृह मंत्रालय के विदेशी प्रभाग में तैनात है। वहीं दूसरा वर्तमान में वेतन एवं लेखा कार्यालय में तैनात है और वह इससे पहले विदेशी प्रभाग में भी सेवाएं दे चुका है।
FCRA लाइसेंस के बदले रिश्वत
गृह मंत्रालय ने बताया कि शुरुआती पूछताछ से खुलासा हुआ है कि ये दोनों अधिकारी कथित तौर पर कुछ संस्थाओं के संपर्क में थे और एफसीआरए के तहत उनके पंजीकरण और लाइसेंस के नवीनीकरण में मदद करने के लिए रिश्वत की मांग करते थे।
जांच जारी
गृह मंत्रालय ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी अधिकारियों के खिलाफ उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा रही है। मंत्रालय ने भ्रष्टाचार के प्रति अपनी कतई बर्दाश्त ना करने की नीति को भी दोहराया और कहा कि एफसीआरए से जुड़ी सभी सेवाएं एफसीआरए पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रदान की जाती हैं। गृह मंत्रालय ने लोगों को सावधान रहने की चेतावनी जारी की। मंत्रालय ने कहा, “किसी भी मध्यस्थ, एजेंट या व्यक्ति को किसी भी एफसीआरए सेवा में मदद करने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है।”
FCRA पर बैठकों का दौर
इस बीच गृह, विधि एवं न्याय मंत्रालय ने मंगलवार को विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को विधेयक के प्रावधानों और उसमें संशोधन के कारणों पर जानकारी दी। भाजपा सांसद संजय जायसवाल की अध्यक्षता में गठित 31 सदस्यीय जेपीसी विधेयक के प्रावधानों का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है। सूत्रों के अनुसार, दोनों मंत्रालयों के अधिकारियों ने समिति को साल 2010 के मूल कानून में प्रस्तावित संशोधनों की जरूरत और उनके पीछे के कारणों की जानकारी दी। बता दें कि विदेशी फंडिंग प्राप्त करने वाले संगठनों और गैर-सरकारी संगठनों के लिए एफसीआरए के तहत पंजीकरण अनिवार्य है। गृह मंत्रालय इस संबंध में नोडल प्राधिकरण के रूप में निगरानी करता है।
सूत्रों के मुताबिक, जेपीसी के समक्ष भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी, सरकार के शीर्ष विधि अधिकारियों, वरिष्ठ वकीलों और अन्य विषय विशेषज्ञों के भी विचार रखे जाने की संभावना है। यह विधेयक 25 मार्च 2026 को लोकसभा में पेश किया गया था। विपक्षी दलों की मांग के बाद 12 अगस्त को इसे संयुक्त संसदीय समिति के पास भेजा गया। कांग्रेस समेत कई दलों के नेताओं व नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा समेत कई नेताओं ने विधेयक को लेकर चिंता व्यक्त की है। विपक्ष का आरोप है, प्रस्तावित प्रावधानों से अल्पसंख्यक और ईसाई संस्थाओं को मिलने वाले विदेशी वित्तपोषण पर असर पड़ सकता है।


