‘पूर्व उपराष्ट्रपति से वापस लीजिए पद्म श्री सम्मान’, अमित शाह से हिन्दू सेना की गुहार; किस बात पर गहराया विवाद?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Ex VP Hamid Ansari Row: हिन्दीू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने आगे लिखा कि ये पुरस्कार उन लोगों के पास नहीं रहने चाहिए जिन पर देश-विरोधी गतिविधियों के गंभीर आरोप हैं।

hamid ansari padma shri
हिन्दू सेना ने हामिद अंसारी का पद्म श्री सम्मान वापस लेने की मांग की है।

हिन्दू सेना ने पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी से पद्म श्री सम्मान वापस लेने की मांग की है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक औपचारिक पत्र (ज्ञापन) सौंपकर यह मांग उठाई है। गुप्ता ने गृह मंत्री को सौंपे ज्ञापन में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के 'हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता' वाले बयान की आलोचना की है और इस वजह से उन्हें दिया गया पद्म श्री सम्मान तुरंत वापस लेने की मांग की है। इतना ही नहीं हिंदू सेना हामिद अंसारी के पिछले व्यवहार और हालिया सार्वजनिक बयानों पर गंभीर चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि उन्हें सम्मानित करते रहना राष्ट्रीय पुरस्कारों की गरिमा का अपमान है।

हिंदू सेना ने राष्ट्रीय सुरक्षा और खुफिया हितों को लेकर भी चिंता जताई है और कहा है कि पूर्व उप राष्ट्रपति के बयान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करते हैं और सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हिंदू सेना ने इस बात पर भी जोर दिया कि पद्म श्री जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार उन लोगों के लिए होते हैं, जो देश के प्रति अटूट समर्पण दिखाते हैं। विष्णु गुप्ता ने आगे लिखा कि ये पुरस्कार उन लोगों के पास नहीं रहने चाहिए जिन पर देश-विरोधी गतिविधियों के गंभीर आरोप हैं।

तुरंत पद्म श्री सम्मान वापस लें

विष्णु गुप्ता ने कहा, "उच्चतम संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से देश की अखंडता और सांस्कृतिक विरासत के प्रति पूर्ण निष्ठा की अपेक्षा की जाती है। राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने और हिंदू समुदाय को बार-बार निशाना बनाने के गंभीर आरोपों को देखते हुए, हामिद अंसारी ने भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक को अपने पास रखने का नैतिक अधिकार खो दिया है। हम केंद्रीय गृह मंत्रालय से आग्रह करते हैं कि वह तुरंत उनका पद्म श्री सम्मान वापस ले और इन मामलों की उच्च-स्तरीय जांच का आदेश दे।" बता दें कि हामिद अंसारी को 1984 में पद्मश्री सम्मान मिला था।

क्या है विवाद? हामिद अंसारी ने क्या कहा था?

दरअसल, हामिद अंसारी ने संवैधानिक मामलों के विशेषज्ञ दिवंगत एजी नूरानी की स्मृति में शनिवार को 'इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर' में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के उस कथन का उल्लेख किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ''भारत के लिए असली खतरा साम्यवाद नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है।'' पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि नूरानी ने वर्ष 2019 में प्रकाशित अपनी पुस्तक 'द आरएसएस: ए मेनेस टू इंडिया' में नेहरू की इस टिप्पणी का उल्लेख किया है।

अपने भाषण के दौरान, अंसारी ने नूरानी की रचनाओं और राष्ट्रवाद, पहचान और भारत में राजनीतिक घटनाक्रमों पर उनके विचारों के बारे में भी बात की। उन्होंने नागरिक राष्ट्रवाद से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की ओर बदलाव के बारे में नूरानी की आलोचना का भी जिक्र किया। अंसारी ने कहा, “हाल के वर्षों में, हमने ऐसे ट्रेंड और तौर-तरीके उभरते देखे हैं जो नागरिक राष्ट्रवाद के स्थापित सिद्धांत को चुनौती देते हैं और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का एक नया और काल्पनिक रूप सामने लाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, "यह चुनावी बहुमत को धार्मिक बहुमत के रूप में पेश करने और राजनीतिक सत्ता पर एकाधिकार जमाने की कोशिश करता है। यह नागरिकों को उनके धर्म के आधार पर बांटना चाहता है, असहिष्णुता को बढ़ावा देना चाहता है, 'दूसरे' होने की भावना पैदा करना चाहता है और अशांति व असुरक्षा को बढ़ावा देना चाहता है।" अंसारी ने आगे कहा, "इसके हालिया कुछ रूप डरावने हैं और कानून के शासन से चलने के हमारे दावे पर सवाल उठाते हैं। यह एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब दिया जाना चाहिए। इन ट्रेंड्स का कानूनी और राजनीतिक रूप से विरोध किया जाना चाहिए।"

बीजेपी का पलटवार

बीजेपी ने अंसारी की इन टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि इससे कांग्रेस पार्टी का "मुस्लिम लीग, माओवादी" चरित्र उजागर होता है। भाजपा सांसद एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अंसारी की टिप्पणियों ने इस बात को उजागर कर दिया है कि कांग्रेस अब पूरी तरह से 'मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस' बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति की टिप्पणी यह भी प्रदर्शित करती है कि नेहरू साम्यवाद को एक खतरा मानते थे, जबकि कांग्रेस अब 'अति-वामपंथ' की ओर बढ़ गई है।

योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

उन्होंने कहा, ''आज कांग्रेस अति-वामपंथी हो गई है। वह साम्यवाद में घिर चुकी है, जिसे नेहरू एक खतरा मानते थे।''उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को नेहरू का हवाला देने से पहले सोचना चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू की लिखी किताबें पढ़ी ही न हों। त्रिवेदी ने कहा कि अंसारी ने न सिर्फ ''इतिहास की दबी हुई बुरी यादों को फिर से जिंदा किया है'', बल्कि ''उनमें नयी जान भी फूंकी है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित मुस्लिम नेताओं की सोच ''मुस्लिम लीग जैसी'' है, और ये विचार अब इस पार्टी में बहुत आम हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कहा कि अंसारी के बयान वास्तव में डरावने थे; ये भारत, भारतीय संस्कृति और भारतीय परंपरा के खिलाफ दिए गए बयान थे।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपूर्व उपराष्ट्रपति से वापस लें पद्मश्री सम्मान, अमित शाह से हिन्दू सेना की गुहार