कुणाल कामरा केस में हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से मांगा जवाब, 16 अप्रैल को फिर होगी सुनवाई

लाइव हिन्दुस्तान
share

  • कुणाल कामरा केस में बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से जवाब मांगा है। कामरा ने हाई कोर्ट में एफआईआर रद्द करने की गुहार लगाई थी।

Stand-up comedian Kunal Kamra

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर विवादित बयान में कमेडियन कुणाल कामरा बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंच गए है। उन्होंने खुद के खिलाफ दर्ज हुए केस को रद्द करने की अपील की है। वहीं हाई कोर्ट ने इस मामले में महाराष्ट्र सरकार से जवाब मांगा है। शिकायतकर्ता शिवसेना विधायक मुर्जी पटेल और राज्य की सरकार को नोटिस जारी करते हुए जस्टिस सारंग कोटवाल और एसडी मोदक की बेंच ने 16 अप्रैल से पहले जवाब देने को कहा है। 16 अप्रैल का मामले की सुनवाई होनी है।

कामरा को तीन बार समन भेजे जाने के बावजूद वह पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। मुंबई में खार पुलिस ने शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर कामरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। नासिक ग्रामीण, जलगांव और नासिक (नंदगांव) में ‘कॉमेडियन’ के खिलाफ दर्ज तीन प्राथमिकियां भी खार पुलिस को सौंप दी गई हैं।

हाई कोर्ट ने कहा, ‘प्रतिवादियों (पुलिस और पटेल) को नोटिस जारी करें। वे निर्देश लेंगे और याचिका पर जवाब देंगे।’ कामरा के वकील नवरोज सीरवई ने बंबई उच्च न्यायालय की पीठ से कहा कि मद्रास उच्च न्यायालय ने सोमवार को ‘कॉमेडियन’ को दी गई अंतरिम ट्रांजिट अग्रिम जमानत की अवधि 17 अप्रैल तक बढ़ा दी है। सीरवई ने कहा कि याचिकाकर्ता ने पुलिस को तीन बार लिखित में प्रस्ताव दिया कि उनके जीवन को खतरा होने के मद्देनजर उन्हें ‘वीडियो कॉन्फ्रेंस’ के जरिए पूछताछ के लिए पेश होने की अनुमति दी जाए।

वरिष्ठ वकील ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि पुलिस प्राधिकारी उनका बयान दर्ज करने के उतने इच्छुक नहीं हैं, बल्कि वे उन्हें यहां लाने के अधिक इच्छुक हैं।’ याचिका में बताया गया है कि कामरा वर्तमान में तमिलनाडु में हैं जहां वह 2021 से रह रहे हैं। सीरवई ने कहा, ‘यह हत्या का मामला नहीं है। यह प्राथमिकी एक ‘स्टैंड-अप कॉमेडी शो’ से संबंधित है। वह (कामरा) जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं लेकिन ‘वीडियो कॉन्फ्रेंस’ के जरिए।’

पीठ ने कहा कि वह 16 अप्रैल को सभी मुद्दों पर विचार करेगी। कामरा ने एक कार्यक्रम के दौरान शिंदे का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते हुए फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक हिंदी गाने का परिवर्तित संस्करण इस्तेमाल किया था जिसमें उन्होंने शिंदे को कथित तौर पर गद्दार कहा था। कामरा ने पांच अप्रैल को उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।

कामरा की याचिका में दावा किया गया है कि उनके खिलाफ दर्ज शिकायतें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कोई भी पेशा अपनाने एवं व्यवसाय करने के अधिकार और भारत के संविधान के तहत प्रदत्त जीवन एवं स्वतंत्रता के अधिकार समेत उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती हैं। कामरा ने अदालत से यह भी अनुरोध कि उन्हें गिरफ्तारी, उनके निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जब्ती और उनके वित्तीय लेनदेन एवं खातों की जांच सहित हर प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण दिया जाए।

कामरा ने अपनी याचिका में कहा कि इस मामले को जारी रखना ‘‘भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नागरिकों के संवैधानिक अधिकार’’ पर सीधा हमला होगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या राजनीतिक घटनाक्रम और नेताओं की गतिविधियों पर टिप्पणी करने के किसी व्यक्ति के अधिकार को इस तरह से आपराधिक बनाया जा सकता है। याचिका के अनुसार, कामरा ने जुलाई 2024 में शो की पटकथा लिखी और पिछले साल अगस्त से फरवरी 2025 के बीच 60 बार इसे प्रस्तुत किया। इसमें कहा गया है कि शो की रिकॉर्डिंग मार्च 2025 में अपलोड की गई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsकुणाल कामरा केस में HC ने महाराष्ट्र सरकार से मांगा जवाब, 16 अप्रैल को सुनवाई