बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त से मिले PM तारिक रहमान, भारत ने इस बात का दिया भरोसा
यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब फरवरी में हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत और फिर तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत और बांग्लादेश द्विपक्षीय संबंधों को फिर से मजबूत करने के प्रयास कर रहे हैं।

भारत और बांग्लादेश के संबंधों में दूर होती खटास के बीच बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सोमवार को भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा से मुलाकात की है। ढाका में हुई इस अहम बैठक के दौरान भारतीय उच्चायुक्त ने बांग्लादेश के साथ साझा हितों पर आधारित 'सकारात्मक', 'रचनात्मक' और जन-केंद्रित संबंधों को आगे बढ़ाने की भारत की मंशा जताई है।
गौरतलब है कि यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब भारत और बांग्लादेश फरवरी में हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत के बाद तारिक रहमान ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली है। नई सरकार भारत संग द्विपक्षीय संबंधों को फिर से मजबूत करने के प्रयास कर रही है। इससे पहले, मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के शासन में दोनों देशों के रिश्तों में काफी तनाव आ गया था। हालांकि अब दोनों देश इन तनावों को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।
द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा
भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान वर्मा और तारिक रहमान ने दोनों देशों की राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में जन-केंद्रित सहयोग पर ध्यान देते हुए द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।
भारतीय उच्चायुक्त ने यह भी कहा कि भारत, बांग्लादेश के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। उन्होंने कहा, ''सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपनाते हुए और आपसी हित और लाभ के आधार पर बांग्लादेश की सरकार और जनता के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।''
भारत आ रहे विदेश मंत्री खलीलुर रहमान
इस बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्री जल्द ही भारत आ सकते हैं। मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान इस महीने दिल्ली की एक संक्षिप्त यात्रा पर आ सकते हैं। यह इसीलिए अहम है क्योंकि ढाका में तारिक रहमान की सरकार बनने के बाद बांग्लादेशी विदेश मंत्री की यह पहली विदेश यात्रा होगी। रहमान 8 अप्रैल को मॉरीशस में होने वाले हिंद महासागर सम्मेलन में जाते समय भारत में रुक सकते हैं।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

