जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, दर्जनों गाड़ियां पानी में बहीं
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। राजौरी जिले में जारी भारी बारिश की वजह से धरहाल नदी में पानी बढ़ गया। इसकी वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया। एक पार्किंग में खड़ी कई दर्जन गाड़ियां बाढ़ के पानी के साथ बह गईं।
Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। प्रदेश के राजौरी जिले में देर रात हुई भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया और नदी-नाले उफान पर चलने लगे। इससे आम जन-जीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया कि लगातार नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों को बिना जरूरत के घर से न निकलने की सलाह दी है। बता दें, जम्मू-कश्मीर समेत अन्य पहाड़ी इलाकों में आने वाले दिनों में मौसम बेहद खराब रहने की आशंका है। इसी के चलते माता वैष्णो देवी और बाबा अमरनाथ यात्रा को भी स्थगित कर दिया गया है।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार से लगातार हो रही बारिश ने रविवार सुबह तक और भी ज्यादा तेज रफ्तार पकड़ ली। इससे धरहाल नदी में पानी बढ़ गया और जिले के निचले इलाकों में पानी भर गया। एक जगह पर पार्किंग एरिया में भी तेजी के साथ पानी घुसा, जिसकी वजह से कई गाड़ियों के बह जाने की भी आशंका है। रहवासियों का कहना है कि पार्किंग एरिया में करीब 300 से 400 गाडियां लगी हुई थीं। लेकिन अभी वहां केवल 40 से 50 गाड़ियां ही दिखाई दे रही हैं।
बस स्टैंड पार्किंग से कई गाड़ियां बह गईं
एएनआई से बात करते हुए एक रहवासी ने बताया कि काफी गाड़ियां बह गई है। प्रशासन से अनुरोध है कि वह जल्दी से जल्दी जेसीबी उपलब्ध करवाएं, जिससे हम बची हुई गाड़ियों को निकाल पाएं। उन्होंने कहा, "बाढ़ आने से पहले यहां कम से कम 300-400 गाड़ियां खड़ी थीं और वे सभी रात भर में बह गईं... हम प्रशासन से पुरजोर अपील करते हैं कि कम से कम जो गाड़ियां यहां हैं, उन्हें निकालने के लिए जेसीबी या क्रेन भेजें। हम प्रशासन से आग्रह करते हैं कि इस मुश्किल समय में लोगों की मदद करें। बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बारिश रुकी नहीं है।"
माता वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित
जम्मू-कश्मीर में बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने माता वैष्णो देवी की यात्रा को स्थगित करने का फैसला लिया है। कटरा और त्रिकुटा पहाड़ियों पर इस समय मौसम बेहद खराब स्थिति में है और आने वाले कुछ घंटों में भी इसके खराब रहने का ही अनुमान है। ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को स्थगित कर दिया है। मंदिर प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि जैसे ही मौसम साफ होता है। यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

