
28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान, JDU के बड़बोले गोपाल मंडल नप गए; पढ़ें टॉप 5 न्यूज
Top News Today: आईएमडी ने रविवार को घोषणा की कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर विकसित निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से चक्रवाती तूफान में बदलने की कगार पर है। इस तूफान के प्रभाव से 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में जोरदार बारिश का अनुमान है।
आईएमडी ने रविवार को घोषणा की कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर विकसित निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से चक्रवाती तूफान में बदलने की कगार पर है। इस तूफान के प्रभाव से 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में जोरदार बारिश का अनुमान है। दूसरी तरफ, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके लाखों प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। इधर, बिहार विधानसभा चुनावों के बीच जनता दल (यूनाइटेड) ने बागी नेताओं पर शिकंजा कस दिया है। कभी सीएम नीतीश कुमार के करीबी रहे गोपाल मंडल को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पढ़ें शाम की बड़ी खबरें...

चक्रवाती तूफान: चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को घोषणा की कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे निम्न दबाव वाले क्षेत्र ने चक्रवाती तूफान का रूप लेना शुरू कर दिया है। इस कारण 28 से 31 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में तेज़ बारिश का अनुमान है। राज्य सरकार ने मछुआरों को सतर्क किया है। 28 से 30 अक्टूबर तक तटीय इलाकों और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में न उतरने की हिदायत दी गई है। जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें 27 अक्टूबर तक तुरंत लौट आने का आदेश दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
रोहित शर्मा की भावुक विदाई पोस्ट ने फैंस को चौंका दिया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज शनिवार को थम गई, जिसमें भारत को 1-2 से हार झेलनी पड़ी। लेकिन पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने कमाल कर दिखाया। 38 साल के इस दिग्गज ने सिडनी के तीसरे वनडे में 125 गेंदों पर नाबाद 121 रनों की शानदार पारी खेली, जिससे भारत ने 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की। रोहित न सिर्फ 'मैन ऑफ द मैच' बने, बल्कि पूरी सीरीज में 202 रनों के साथ 'मैन ऑफ द सीरीज' भी चुने गए। सीरीज खत्म होते ही रोहित ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, जो वायरल हो गई। एयरपोर्ट जाते हुए अपनी फोटो के साथ उन्होंने लिखा कि सिडनी को आखिरी अलविदा..; पढ़ें पूरी खबर...
जेडीयू का सख्त कदम, गोपाल मंडल समेत ये नेता पार्टी से बाहर
नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) ने विधायक गोपाल मंडल सहित पांच नेताओं को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि 2025 विधानसभा चुनावों में पार्टी-विरोधी गतिविधियों और संगठनात्मक अनुशासन तोड़ने के कारण यह कार्रवाई की गई। निष्कासित नेताओं में गोपालपुर के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल, पूर्व मंत्री हिमराज सिंह, पूर्व विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह, पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव और प्रभात किरण शामिल हैं। इससे पहले शनिवार को पूर्व मंत्री शैलेश कुमार, पूर्व विधायक ग्रामीण कार्य विभाग और जमालपुर से विधायक सहित 11 लोगों को भी पार्टी से निकाल दिया गया था। सभी पर टिकट न मिलने के बाद बगावत करने का आरोप है। पढ़ें पूरी खबर...
यूक्रेन संघर्ष के बीच रूस की नई क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण
रूस-यूक्रेन युद्ध की आग में रूस ने अपनी ताजा हथियार क्षमता का प्रदर्शन किया। देश ने परमाणु ऊर्जा से संचालित क्रूज मिसाइल 'बुरेवेस्टनिक' का परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इसकी सूचना दी। यह मिसाइल अनलिमिटेड रेंज वाली है और इसमें न्यूक्लियर वारहेड फिट करने की क्षमता मौजूद है। सेना के महानिदेशक जनरल वालेरी गेरासिमोव ने बताया कि मिसाइल ने 14,000 किलोमीटर (लगभग 8,700 मील) की दूरी तय की और हवा में करीब 15 घंटे सक्रिय रही। पढ़ें पूरी खबर...
शराबी ड्राइवर आतंकवादी जैसे; हैदराबाद पुलिस प्रमुख की सख्त चेतावनी
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले तो आतंकवादी ही होते हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश के कुरनूल बस हादसे का हवाला देते हुए लिखा कि ऐसे ड्राइवरों को मासूमों की जान लेने पर किसी भी तरह की ढील नहीं मिलनी चाहिए। बता दें कि हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही बस के हादसे में आग लगने से 20 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर...





