मौत के बाद भी HC ने बरकरार रखी उम्रकैद की सजा, किस जुर्म में मिला था दंड
इस मामले में हाईकोर्ट ने आरोपी की मृत्यु के बावजूद अपील पर सुनवाई जारी रखने का फैसला किया क्योंकि निचली अदालत ने आरोपी को उम्रकैद के साथ-साथ अर्थदंड की सजा सुनाई थी।

केरल हाईकोर्ट ने साल 2012-13 में एक स्कूली छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न करने वाले 55 साल के ऑटो ड्राइवर की आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा। खास बात यह है कि मामले की सुनवाई के दौरान ही आरोपी की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद हाईकोर्ट ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसकी याचिका को खारिज कर दिया। आपको बता दें कि यह फैसला न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी और न्यायमूर्ति केवी जयकुमार की पीठ ने सुनाया।
हाईकोर्ट ने सत्र अदालत के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि घटना के समय चौथी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची की गवाही स्पष्ट, सुसंगत और सुदृढ़ थी। अदालत ने अपने आदेश में कहा, "हमारी राय में बचाव पक्ष द्वारा उठाई गई छोटी-मोटी विसंगतियां अभियोजन पक्ष के मामले की जड़ पर प्रहार नहीं करती हैं और न ही बच्ची की मुख्य गवाही को प्रभावित करती हैं। संपूर्ण साक्ष्यों का स्वतंत्र मूल्यांकन करने के बाद हमें ऐसा कोई विरोधाभास नहीं मिला जिससे पीड़िता के बयान को खारिज किया जा सके।"
पीठ ने आगे कहा कि निचली अदालत के निष्कर्षों और साक्ष्यों के स्वतंत्र मूल्यांकन के बाद उसे सत्र न्यायाधीश द्वारा दिए गए फैसले में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं मिला। इसलिए अपील को खारिज करते हुए सजा बरकरार रखी जाती है।
मौत के बावजूद क्यों जारी रही सुनवाई?
सामान्यतः किसी आपराधिक मामले में आरोपी की मौत के बाद कार्यवाही समाप्त कर दी जाती है। हालांकि इस मामले में हाईकोर्ट ने आरोपी की मृत्यु के बावजूद अपील पर सुनवाई जारी रखने का फैसला किया क्योंकि निचली अदालत ने आरोपी को उम्रकैद के साथ-साथ अर्थदंड की सजा सुनाई थी।
क्या था मामला?
यह मामला वर्ष 2012-13 का है, जब आरोपी ऑटो-रिक्शा चालक नाबालिग बच्ची को स्कूल ले जाने और वापस लाने का काम करता था। इस दौरान उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया था। इस मामले में निचली अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और जुर्माने की सजा सुनाई थी, जिसके खिलाफ आरोपी ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी।

