सिया से 1 साल छोटी थी हासिनी, लाइव लोकेशन भेज आशिक के हाथों पति को मरवाया
महाराष्ट्र के पुणे की ही तरह आंध्र प्रदेश से भी ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, सिया गोयल मामले में केतन अग्रवाल और उसकी शादी नहीं हुई थी।

सिया गोयल मामले की जांच अभी पूरी नहीं हुई और आंध्र प्रदेश से भी ऐसा ही मामला सामने आ गया। यहां एक महिला ने एक युवक के साथ मिलकर बेटी के सामने ही पति की हत्या करा दी। बताया जा रहा है कि युवक और महिला के बीच प्रेम प्रसंग है और दोनों लंबे समय से एक दूसरे से जानते हैं। पुलिस ने महिला और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की जा रही है।
आंध्र प्रदेश के चित्तूर में हुए इस हत्याकांड में शांतिपुरम की रहने वाली 19 साल की हसिनि ने 23 वर्षीय रमेश की हत्या कर दी है। दोनों की करीब 2 साल पहले शादी हुई थी और उनकी एक छोटी बच्ची भी है। रमेश एक निजी कंपनी में काम करता था। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, हसिनी और 20 साल के युगांधर नाम के एक शख्स की दोस्ती थी।
बेवफाई और हत्या
रिपोर्ट के अनुसार, हसिनी और युगांधर ने शादी के बाद भी अपना रिश्ता जारी रखा और दोनों ने इसके चलते ही रमेश के मारने का प्लान बनाया था। पुलिस ने बताया है कि CCTV फुटेज जैसे डिजिटल सबूतों और तकनीकी जांच के बाद उन्हें आरोपियों को पकड़ने में काफी मदद मिली है।
लाइव लोकेशन कर रही थी शेयर
चैनल से बातचीत में पुलिस ने बताया, 'हसिनी ने रमेश को मंगलवार को गुडुपल्ले मंडल में मल्लप्पा कोंडा में श्री मल्लेश्वर स्वामी मंदिर जाने के लिए मनाया था। दोनों अपनी बेटी के साथ ही जा रहे थे। आरोप हैं कि इस दौरान महिला लगातार युगांधर के साथ अपनी लाइव लोकेशन शेयर करती रही, जिससे हमलावरों को उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिली।'
ऐसे किया इशारा
संदेह है कि रास्ते में ही महिला ने जानबूझकर अपना पर्स गिरा दिया था। ऐसे में रमेश को गाड़ी रोकनी पड़ी। कहा जा रहा है कि यह एक तरह का इशारा था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि गाड़ी रुकने के बाद युगांधर और उसके छिपे हुए साथी बाहर आए और रमेश को मारने के लिए दौड़े। इस दौरान 100 मीटर तक उन्होंने पीड़ित का पीछा किया और बाद में धारदार हथियारों से मार दिया। पुलिस ने बताया है कि वारदात के समय कथित तौर पर बेटी पास में ही थी।
ऐसे हुई खुलासा
रिपोर्ट के मुताबिक, मंदिर के रास्ते की जब सीसीटीवी जांच की गई, तो पाया गया कि रमेश पत्नी के साथ जा रहा था। जबकि, कुछ समय बाद महिला पीड़ित के ही वाहन पर दो अन्य पुरुषों के साथ लौटती नजर आई। पुलिस ने जब फोन रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और अन्य सबूतों की जांच की, तो रमेश के शव का पता लगाया जा सका।
दरअसल, हासिनी की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि बेटी और पोती लंबे समय से गुमशुदा हैं। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की।
सिया गोयल
पुणे में 20 साल की सिया गोयल ने 22 साल के प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल का मर्डर कर दिया था। आरोप हैं कि दोनों ने 18 जून को लोनावला के लोहागढ़ किले पर मिलकर केतन को ऊंचाई से धक्का दे दिया था।


