क्या भारत में शुरू हो गया पेट्रोल संकट? पंप पर लगे नोटिस से हड़कंप, दूसरी बार बढ़े हैं दाम
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाये गए हैं। खबर है कि ईंधन के दाम बढ़ने के बाद नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई।

भारत में एक सप्ताह में दूसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं। इसी बीच चंडीगढ़ के एक पेट्रोल पंप पर सीमित मात्रा में ईंधन देने का नोटिस चस्पा हो गया है। इस नोटिस के सामने आते ही हड़कंप मच गया और प्रशासन को हरकत में आना पड़ा। प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे कोई भी निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। खास बात है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है, जब देश में आने वाले दिनों में ईंधन की कमी होने की आशंकाएं हैं।
सिर्फ 500 रुपये का पेट्रोल मिलेगा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में एचजी पेट्रो केयर नाम के पेट्रोल पंप पर नोटिस लगा दिया गया था। इसमें कहा गया था कि दो पहिया वाहनों को 500 रुपये तक का ईंधन मिलेगा। जबकि, चार पहिया वाहनों के लिए यह सीमा 1500 रुपये तय की गई थी। इस नोटिस को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाएं तेज हो गईं थीं। नतीजा यह हुआ कि जनता बड़ी संख्या में ईंधन खरीदने घर से निकल पड़ी।
क्या हो गई है पेट्रोल की कमी?
खबर है कि अधिकारियों ने इस तरह का नोटिस लगाने को लेकर पंप मालिक को फटकार लगाई है। इसके बाद पोस्टर हटा लिए गए हैं। वहीं, इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह के कोई भी निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। चैनल से बातचीत में पंप के मैनेजर ने बताया कि कम स्टॉक होने के चलते ये पोस्टर लगाए गए थे, ताकि अगला टैंकर आने तक ईंधन खत्म न हो जाए।
उन्होंने साफ किया है कि नागरिकों के लिए ईंधन से संबंधित कोई समस्या नहीं है। साथ ही जानकारी दी है कि अब ग्राहक को उसकी मांग के आधार पर ही पेट्रोल दिया जा रहा है।
बढ़ गए हैं दाम
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाये गए हैं। खबर है कि ईंधन के दाम बढ़ने के बाद नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई जो पहले 97.77 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये हो गई। बीते शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार साल से अधिक समय में पहली बार तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
पेट्रोल और डीजल के अलावा दिल्ली और मुंबई सहित कई शहरों में 15 मई को सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गयी थी। रविवार को सीएनजी की कीमत में फिर से एक रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई। मंगलवार की बढ़ोतरी के बाद, पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब मई 2022 के बाद से उच्चतम स्तर पर हैं।
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

