
जिन अधिकारियों पर IPS पूरन कुमार ने लगाए आरोप, उनकी ASI ने की तारीफ; ईमानदार बताया
जांच के दायरे में आए 6 मिनट से ज्यादा लंबे इस वीडियो में एएसआई संदीप कुमार लाठर को DGP यानी पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और रोहतक के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया की तारीफ करते हुए सुना जा सकता है।
हरियाणा में IPS वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले की जांच जारी थी कि तभी ASI संदीप कुमार लाठर ने सुसाइड कर ली। खास बात है कि लाठर ने जान देने से पहले कथित तौर पर एक वीडियो और तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें कुमार पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा उन दोनों पुलिस अधिकारियों की तारीफ की है, जिनपर कुमार परिवार आरोप लगा रहा है।

फिलहाल, वीडियो और ‘सुसाइड नोट’ की सत्यता की तुरंत पुष्टि नहीं की जा सकी है। रोहतक जिले में साइबर सेल में तैनात एएसआई का शव लाढौत-धामर रोड स्थित उनके रिश्तेदार के खेत में बने कमरे की ऊपरी मंजिल से बरामद किया गया। संदीप कुमार ने अपने मामा के खेतों में ट्यूबवेल की मोटर के लिए बने कमरे की ऊपरी मंजिल पर कथित तौर पर आत्महत्या की।
क्या कहा
जांच के दायरे में आए 6 मिनट से ज्यादा लंबे इस वीडियो में लाठर को DGP यानी पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और रोहतक के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया की तारीफ करते हुए सुना जा सकता है। खास बात है कि इन दोनों ही अधिकारियों के नाम कुमार के आवास पर मिले कथित तौर पर अंतिम नोट में शामिल हैं।
लाठर के आरोप हैं कि एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी ने हत्या के मामले में रिश्वत ली थी और कारोबारी को मामले में बचाने के लिए 50 करोड़ रुपये की डील की थी। उन्होंने दावा किया है कि बिजारणिया ईमानदरी के लिए खड़े रहे। साथ ही बिजारणिया ने अधिकारी से सवाल किए और पुलिसकर्मी के कल्याण के लिए काम किए।
दोनों के खिलाफ हुई कार्रवाई
एक ओर जहां राज्य सरकार ने डीजीपी कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है। वहीं, बिजारणिया का ट्रांसफर कर दिया गया है। कपूर को छुट्टी पर भेजे जाने का फैसला सोमवार रात लिया गया था। दरअसल, आईपीएस कुमार की IAS अधिकारी पत्नी अमनीत पी कुमार अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थीं। खबरें हैं कि राज्य सरकार के कई अधिकारी उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे थे।
आगे क्या
रोहतक के पुलिस अधीक्षक एसएस भोरिया ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया, 'एएसआई संदीप हमारे विभाग में बहुत मेहनती और ईमानदार व्यक्ति थे। हमें सूचना मिली थी कि एक शव मिला है, जिसके बाद हम यहां पहुंचे।' उन्होंने वीडियो और ‘सुसाइड नोट’ के बारे में पूछे जाने पर बताया, 'इस समय कुछ भी कहना मुश्किल है। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।'
पूरन कुमार पर भी लगे थे आरोप
पूरण कुमार का नाम हाल ही में एक रिश्वत कांड में सामने आया था। रोहतक में शराब के एक ठेकेदार ने हेड कांस्टेबल सुशील कुमार के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज कराया था। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि सुशील कुमार ने पूरण कुमार के नाम पर (जब वह वहां तैनात थे) 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सुशील कुमार को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था।
संदीप को वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि 'ईमानदार अधिकारी' बिजारणिया ने पूरण कुमार से सवाल किए थे।



