हरदीप पुरी के खिलाफ खड़े 2 निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज, राज्यसभा उपचुनाव में जीत तय

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

कांग्रेस ने हरदीप पुरी के नामांकन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि पुरी के चुनावी हलफनामे में कई कानूनी खामियां हैं। कांग्रेस नेताओं ने रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही है।

Hardeep Singh Puri to win Rajya Sabha by-election two independent candidates rejection
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की जीत लगभग तय हो गई है। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 2 निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज कर दिए गए। इनमें कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार राजकुमार लोहानी भी शामिल हैं। इसके बाद पुरी के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, कांग्रेस ने उनके नामांकन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि पुरी के चुनावी हलफनामे में कई कानूनी खामियां हैं। कांग्रेस नेताओं ने रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही है। नतीजे 5 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इसी दिन नाम वापस लेने की आखिरी तारीख भी है।

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार कांते सायन्ना और कांग्रेस समर्थित राजकुमार लोहानी के पर्चे खारिज किए गए। दूसरी ओर, इन दोनों उम्मीदवारों के साथ कांग्रेस नेता हेमंत कटारे ने हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर भी आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि पुरी की ओर से जमा कराया गया फॉर्म-26 का हलफनामा अधूरा और नियमों के मुताबिक वैध नहीं है। कांग्रेस ने दावा किया कि हलफनामे में दर्ज संपत्तियों का मूल्य भारतीय रुपये के बजाय अमेरिकी डॉलर और स्विस फ्रैंक में दिया गया है। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग के नियमों के तहत संपत्ति का ब्योरा भारतीय मुद्रा में देना जरूरी है।

कांग्रेस नेताओं को किस बात पर आपत्ति

इसके अलावा, पुरी की पत्नी से जुड़ी कुछ जानकारियों का भी सही तरीके से उल्लेख नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव संचालन नियम, 1961 के नियम 4A का हवाला देते हुए कहा कि हलफनामे पर प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट या नोटरी के सामने जरूरी शपथ नहीं ली गई थी। उनके मुताबिक, केवल सत्यापन की मुहर लगाना कानूनी शपथ का विकल्प नहीं हो सकता। मध्य प्रदेश विधानसभा में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कांग्रेस की ओर से चुनाव अधिकारी को इन आपत्तियों से जुड़ा लिखित आवेदन भी दिया गया। प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रकोष्ठ के प्रमुख जेपी धनौपिया ने दावा किया कि हलफनामे में दर्जनों गलतियां हैं और इसे कानून के तहत स्वीकार नहीं किया जा सकता।

विधायक हेमंत कटारे ने भी कहा कि नामांकन की जांच संविधान और चुनावी नियमों के आधार पर होनी चाहिए, न कि राजनीतिक दबाव में। हालांकि, रिटर्निंग ऑफिसर उमेश शर्मा ने सभी आपत्तियों की जांच के बाद पुरी के नामांकन को सही माना। उन्होंने अपने आदेश में कहा कि जनप्रतिनिधित्व कानून के किसी प्रावधान का उल्लंघन नहीं हुआ है और नामांकन पत्रों में कोई ऐसी कमी नहीं मिली, जिसके आधार पर उन्हें खारिज किया जा सके। इस फैसले के बाद कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और आतिफ अकील ने अदालत जाने की बात कही। दोनों नेताओं ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि गंभीर खामियों के बावजूद नामांकन खारिज नहीं किया गया। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र पर हमला बताया।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsहरदीप पुरी के खिलाफ खड़े 2 निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज, अब जीत तय