राज्यसभा चुनाव के बाद होगा कैबिनेट फेरबदल? 2 मंत्री पहले बाहर, दो का अब टिकट कटा
rajya sabha election 2026: केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें लंबे समय से जारी हैं। हालांकि, अब तक इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। संभावनाएं हैं कि भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार में अब 4 नए मंत्रियों की एंट्री हो सकती है।

rajya sabha election 2026: राज्यसभा चुनाव की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को 8 और नामों का ऐलान कर दिया है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा बीएल वर्मा और हरदीप सिंह पुरी को टिकट नहीं दिए जाने की है। खास बात है कि दोनों ही केंद्रीय मंत्री थे। साथ ही भाजपा ने अब तक ऐलान नहीं किया कि इन नेताओं की नई भूमिका क्या हो सकती है। दरअसल, ये ऐसे समय पर हुआ है जब कैबिनेट फेरबदल की अटकलें चल रही हैं। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है और महज अटकलों का दौर चल रहा है।
संविधान के अनुच्छेद 75(5) में कहा गया है कि एक मंत्री अगर लगातार 6 महीने तक किसी भी सदन का सदस्य नहीं रहता है, तो उन्हें पद छोड़ना पड़ता है। अब नवंबर में पुरी और वर्मा दोनों का ही कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में चर्चाएं तेज हो गईं हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाले मंत्री परिषद में नए चेहरों की एंट्री हो सकती है। अभी तक औपचारिक रूप से इसे लेकर कुछ नहीं कहा गया है।
4 नए मंत्रियों की एंट्री की तैयारी
पीएम मोदी के टीम में 4 नए मंत्रियों की एंट्री हो सकती है। इसकी वजह पुरी, वर्मा, रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन की राज्यसभा में वापसी नहीं होना है। ये चारों ही एनडीए सरकार में मंत्री थे।
बिट्टू रेल राज्य मंत्री थे। उन्होंने जुलाई में पद से इस्तीफा दे दिया था। दरअसल, जून में उनका राज्यसभा कार्यकाल खत्म हो गया था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें उच्च सदन के लिए नॉमिनेट नहीं किया था। दरअसल, चर्चाएं थीं कि बिट्टू अब सरकार से निकल कर पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए बड़ी भूमिका निभाने जा रहे हैं। राज्य में 2027 में चुनाव होने हैं।
जून में ही जॉर्ज कुरियन भी राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। केरल से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री थे। खास बात है कि कुरियन सरकार में अकेले ईसाई मंत्री थे। उन्होंने 9 जून 2024 को पदभार संभाला था। वह साल 1980 से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे हैं और पार्टी प्रवक्ता, केरल भाजपा के उपाध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर रह चुके हैं।
कहा जा रहा था कि कुरियन को भी भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से अभी कुछ नहीं कहा गया है।
अब 2 और मंत्रियों को नहीं मिला टिकट
अब सोमवार को जारी सूची में पुरी और वर्मा का नाम नहीं है। भाजपा ने भाजपा ने पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्णा पांडेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को प्रत्याशी घोषित किया है।
राधाकांत ओझा सपा सरकार में मंत्री रहे प्रतापगढ़ निवासी शिवाकांत ओझा के छोटे भाई हैं। पार्टी ने ओबीसी वर्ग से तीन, दलित वर्ग से दो, ब्राह्मण दो और एक ठाकुर चेहरे पर दांव लगाया है।
एक बदलाव पहले ही हो चुका
जुलाई में शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दे चुके हैं और उनकी जगह प्रल्हाद जोशी को मंत्री बनाया गया था। खास बात है कि कुछ महीने पहले ही भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम का विस्तार हुआ है। ऐसे में अटकलें ये भी हैं कि सरकार के कई बड़े नाम अब संगठन में अहम जिम्मेदारी निभा सकते हैं। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को भी संगठन में जिम्मेदारी दी है। हालांकि, वह अभी मंत्री भी हैं।

