IIT बाबा की मौत की खबर से हड़कंप, लाश मिलने की भी अफवाह; क्या बोली हरियाणा पुलिस

लाइव हिन्दुस्तान
share

अभय सिंह की कहानी महाकुंभ के जरिए ही लोगों को पता चली थी। इसके बाद ही उन्हें आईआईटी बाबा का नाम मिला था। वे काफी समय से सुर्खियों से दूर ही थे। अब उनकी खबर से हड़कंप मच गया है

Harayan Police rejects clamis of IIT Baba Abhay Singh death
IIT बाबा महाकुंभ से वायरल हुए थे

प्रयागराज महाकुंभ से वायरल हुए IIT बाबा उर्फ अभय सिंह को लेकर हाल ही में सामने आए एक सनसनीखेज दावे को पुलिस ने खारिज कर दिया है। हरियाणा की हिसार पुलिस ने IIT बाबा की मौत और उनकी शव मिलने जैसी खबरों को अफवाह बताते हुए फर्जी करार दिया है। बीते बुधवार को एक पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि इंटरनेट पर चलाईं जा रहीं इस तरह की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

बता दें कि इससे पहले सोशल मीडिया पर IIT बाबा को लेकर हैरतअंगेज दावा किया जा रहा था। दावे के मुताबिक अभय सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया था। कई अकाउंट्स पर यह खबर धड़ल्ले से शेयर की जा रही थी। हालांकि हिसार पुलिस ने इन्हें फर्जी बताया।

क्या बोले अधिकारी?

हिसार पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह के मुताबिक तीन दिन पहले हिसार के PLA इलाके में राहुल जैन नामक व्यक्ति का शव मिला था। इस खबर को ही सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से फैलाया जा रहा था और IIT बाबा का शव बताकर वायरल किया जा रहा था।

अधिकारी के मुताबिक, “यहां तीन दिन पहले PLA एरिया में राहुल जैन नाम के एक व्यक्ति की लाश मिली थी, जो पुलिस के पास लाई गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर बेडरूम में 'IIT बाबा' का शव मिलने की खबर फैलाई जा रही है। यह खबर पूरी तरह से झूठी है। ये बॉडी हिसार के रहने वाले राहुल जैन की ही थी।” उन्होंने आगे लोगों से भ्रामक खबरों पर भरोसा न करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं लोगों से अपील करता हूं कि ऐसी भ्रामक और झूठी खबरें सोशल मीडिया पर ना फैलाई जाए। ऐसी खबरों को वायरल न करें।”

कौन हैं IIT बाबा?

IIT बाबा बीते साल प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ से वायरल हुए थे। दरअसल अभय सिंह ने IIT बॉम्बे से पढ़ाई की थी, और उनकी कहानी महाकुंभ के जरिए ही लोगों को पता चली थी। इसके बाद ही उन्हें आईआईटी बाबा का नाम मिला था। उन्होंने इस साल की शुरुआत में शादी भी रचाई थी और उनकी तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं। हालांकि तब से वे सुर्खियों से दूर ही रहे हैं।

कैसे बने ‘बाबा’?

रिपोर्ट्स के मुताबिक अभय सिंह ने IIT से पढ़ने और कुछ सालों की नौकरी के बाद निराशा से तंग आकर अध्यात्म का रुख किया था। हरियाणा में जन्मे अभय सिंह ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। फिर उन्होंने डिजाइन में मास्टर्स किया। बाद में वे कनाडा चले गए और वहां तीन साल तक नौकरी की। उन्होंने एक बार बताया था कि कनाडा में वह सालाना 36 लाख रुपए तक कमाते थे।

इसके बाद कनाडा में रहते समय अभय सिंह डिप्रेशन में चले गए। मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से उन्होंने अपना कॉर्पोरेट करियर छोड़ दिया और आध्यात्म का रास्ता चुन लिया। 2025 के महाकुंभ मेले में उन्हें एक आम साधु के कपड़ों में देखा गया था। वे इस दौरान एक इंटरव्यू के बाद मशहूर हो गए, जहां पत्रकार यह जानकार हैरान रह गया था कि उन्होंने IIT बॉम्बे से पढ़ाई की है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsIIT बाबा की मौत की खबर से हड़कंप, लाश मिलने की भी अफवाह; क्या बोली हरियाणा पुलिस