यूपी-बिहार में गिरेंगे ओले, यहां बारिश का अलर्ट; अभी और कंपाएगी ठंड
पूर्वी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। राजधानी दिल्ली में भी अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।

देशभर में कड़ाके की ठंड जारी है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश और पहाड़ों की बर्फबारी ने शीतलहर का प्रकोप बढ़ दिया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं रविवार को भी बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों में बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में कोहरा भी कहर बरपाएगा। राजधानी दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड और राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हल्की बारिश का दौर जारी है।
शनिवार को राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। इसके अलावा कई जगहों पर ओलावृ्ष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के ई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी के यमुनोत्री में लगभग डेढ़ फीट मोटी बर्फ की चादर बिछ गई है। मौसम विभाग ने यहां बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में रविवार को भी पूरे दिन हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। नोएडा में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। यहां मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली में दिसंबर में होने वाली बारिश ने 101 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गुरुग्राम और फरीदाबाद मे कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी ओलावृष्टि और वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। स्काइमेट वेदर की मानें तो अगले 24 घंटे पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी हल्की बारिश हो सकती है। केरल. लक्षद्वीप में भी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, उत्तरी पाकिस्तान और देश के जम्मू कश्मीर के ऊपर समुद्र तल से तीन से सात किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण और इससे संबंधित “ट्रफ” के मौसम में बदलाव आया है। अभी आने वाले दो तीन और दिनों तक राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना, कोहरा, धुंध और ओस की बूंदों का अहसास मौसम में रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश होगी या बादल छाए रहेंगे।