हरियाणा में जिम में वर्कआउट करा रहे ट्रेनर को सुबह-सुबह गोलियों से भूना, CCTV में कैद हुई वारदात
हांसी के डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि मौके पर 10 गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। वहीं हमलवार की पहचान के लिए पुलिस की कई टीमें जांच कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक हत्यारे कई दिनों से पीड़ित की रेकी कर रहे थे।
हरियाणा के हांसी में गुरुवार को सुबह-सुबह हुई एक सनसनीखेज घटना से इलाका दहल उठा है। यहां फव्वारा चौक के पास बाइकसवार कुछ हमलावरों ने जिम ट्रेनर को गोलियों से भून डाला। जानकारी के मुताबिक जिम संचालक कपिल सुबह करीब 5 बजे कुछ लड़के-लड़कियों को एक्सरसाइज करवा रहा था। तभी घात लगाकर पहुंचे हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही कपिल ने मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान एक अन्य युवती घायल भी हो गई है। उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। हालांकि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईए और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है और पूरे इलाके को सील कर फुटेज खंगाली जा रही है।
5 सेकेंड में 10 राउंड फायरिंग
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि 25 वर्षीय कपिल जिम से कुछ दूर दुकान में बनी सीढ़ियों पर लड़के-लड़कियों को वार्म-अप करवा रहा था। तभी हेलमेट पहने और मुंह ढके हुए 2 हमलावर वहां आते हैं और पीछे बैठे बदमाश ने उतरते ही कपिल पर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। हमलावर ने बेहद करीब से 5 सेकेंड में 10 राउंड फायर किए। कपिल के सिर और पीठ पर गोलियां लगी और वो जमीन पर गिर गया। एक गोली का छर्रा वार्म-अप कर रही शिखा को जा लगा। इसके बाद हमलावार बाइक से मौके से फरार हो गए। बाद में कुछ युवक कपिल को बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बदमाश पेशे से क्रिमिनल, रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
सूचना मिलते ही सीआईए और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है। जानकारी के मुताबिक हमलावर पेशे से क्रिमिनल हैं और पूरी प्लानिंग के तहत आए थे। कपिल रोजाना इसी जगह पर जिम के लड़कों व लड़कियों को वार्म-अप करवाते थे। बदमाशों ने इसकी पूरी रेकी की हुई थी। हांसी डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि मौके पर 10 गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं।
कुछ दिनों पहले ही की थी इंटरकास्ट लव मैरिज
मृतक जिम संचालक कपिल मूल रूप से जींद के डालमवाला गांव का रहने वाला था और अभी हांसी के शांति निकेतन में रह रहे था। कपिल तीन साल से हांसी में रेड जिम चला रहा था। जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों पहले ही कपिल की इंटरकास्ट लव मैरिज हुई थी और युवती अभी अपने परिजनों के पास रह रही थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट: मोनी देवी
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

