Explainer: ज्ञानेश कुमार की सैलरी कितनी, CEC को सांसद-विधायकों की तरह बतानी पड़ती है अपनी संपत्ति?
विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने ज्ञानेश कुमार पर एकतरफा फैसले लेने के आरोप लगाए हैं। ज्ञानेश कुमार के अब तक के सफर पर एक नजर।

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस वक्त सुर्खियों में आ गए हैं। चुनाव आयोग को लेकर इंडियन एक्सप्रेस अखबार की एक रिपोर्ट सामने आने के बाद ज्ञानेश कुमार पर अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की असहमतियों को नजरअंदाज कर एकतरफा फैसले लेने के आरोप लगे हैं। इसके बाद पूरा विपक्ष उनपर हमलावर है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर मार्च निकाला। इस दौरान कई सांसदों ने धरना भी दिया। इस पूरे बवाल के बीच जानते हैं ज्ञानेश कुमार के अब तक के सफर के बारे में। यह भी जानते हैं कि उनकी सैलरी कितनी है और क्या मुख्य चुनाव आयुक्त को भी सांसदों की तरह अपनी संपत्ति का ब्यौरा देना होता है?
मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त अधिनियम 2023 के तहत CEC का वेतन कैबिनेट सचिव के बराबर होता है। यानी ज्ञानेश कुमार को हर महीने 2,50,000 लाख रुपये की बेसिक सैलरी मिलती है। इसके अलावा उन्हें कई अन्य भत्ते भी मिलते हैं। इससे पहले 1991 के कानून के तहत CEC की सैलरी सुप्रीम कोर्ट के जज के बराबर थी। बाद में 2023 के संशोधन के बाद इसे कैबिनेट सचिव के बराबर कर दिया गया। इसके अलावा CEC को हर महीने 34 हजार रुपये का भत्ता मिलता है। हालांकि मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों ने इस भत्ते पर मिलने वाली आयकर छूट को स्वेच्छा से छोड़ दिया है।
CEC को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं?
मुख्य चुनाव आयुक्त को कई सरकारी सुविधाएं भी मिलती हैं।
- खुद, पत्नी/पति और आश्रित परिवार के लिए यात्रा में रियायत यानी LTC
- सरकारी आवास
- ड्राइवर के साथ सरकारी गाड़ी
- सुरक्षा व्यवस्था
- बिजली, पानी और टेलीफोन जैसी सुविधाएं
- खुद और परिवार के लिए चिकित्सा सुविधाएं
- सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और दूसरी सुविधाएं
गृह मंत्रालय में संभाल चुके हैं कार्यभार
आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में पीजी करने वाले ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अगस्त 2019 में जब अनुच्छेद 370 हटाया गया, तब ज्ञानेश कुमार गृह मंत्रालय के कश्मीर डिविजन में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात थे। इसके बाद 2020 में गृह मंत्रालय में अपर सचिव रहते हुए उन्होंने अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से जुड़े मामलों और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन से जुड़े विभागों का नेतृत्व किया। वह सहकारिता मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय में सचिव भी रह चुके हैं। इसके अलावा 2007 से 2012 के बीच UPA सरकार के दौरान रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव (रक्षा उत्पादन) रहे। वह 2024 में चुनाव आयुक्त बने और फरवरी 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त का पद संभाला।
परिवार में भी कई अधिकारी
ज्ञानेश कुमार के पारिवारिक विरासत की बात करें उनके दादा एक स्वतंत्रता सेनानी और प्रिंसिपल थे। वहीं पिता एक डॉक्टर थे। ज्ञानेश कुमार की बड़ी बेटी मेधा रूपम और दामाद मनीष बंसल 2014 बैच के IAS अफसर है। वहीं छोटी बेटी अभिश्री IRS अफसर और दामाद अक्षय लबरू 2017 बैच के IAS अधिकारी हैं।
ज्ञानेश कुमार की नेटवर्थ कितनी?
ज्ञानेश कुमार की कुल संपत्ति या नेटवर्थ का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। सांसदों और विधायकों के उलट, CEC के लिए अपनी कुल संपत्ति को सार्वजनिक रूप से घोषित करना अनिवार्य नहीं है। इस साल अप्रैल महीने में पूर्व टीएमसी सांसद साकेत गोखले ने एक आरटीआई आवेदन दाखिल कर ज्ञानेश कुमार के 2015 से 2023 तक के अचल संपत्ति रिटर्न की जानकारी मांगी थी। हालांकि केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने आरटीआई अधिनियम की धारा 8(1)(j) का हवाला देते हुए इसे व्यक्तिगत जानकारी बताकर साझा करने से इनकार कर दिया।

