गुरुग्राम हिट एंड रन में नया ट्विस्ट, अब पीछे चल रहे बाइक सवार के कैमरे का वीडियो जारी
Gurugram Hit and Run: गुरुग्राम में महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने के मामले में नया वीडियो सामने आया है। पीछे चल रहे बाइक सवार ने दावा किया कि कार काफी देर से बाइक का पीछा कर रही थी।

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने के मामले में एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में हादसे का अलग एंगल दिखाई दे रहा है। वीडियो उस बाइक सवार ने रिकॉर्ड किया था, जो घटना के वक्त महिला के पीछे चल रहा था। उसका दावा है कि कार काफी देर से महिला की बाइक का पीछा कर रही थी और बहुत करीब से उसका पीछा यानी टेलगेट कर रही थी।
महिला की पहचान इंस्टाग्राम पर rebelwheels_sia_ नाम से मोटरसाइकिल से जुड़े कंटेंट पोस्ट करने वाली सिया के तौर पर बताई गई है। वह घटना के समय अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक पर बाइकर्स के एक ग्रुप के साथ जा रही थीं। कथित तौर पर कार के ड्राइवर का नाम कल्याण बैंसला है।
नए वीडियो में क्या दिख रहा है?
पहले सामने आए वीडियो में टक्कर महिला की बाइक पर लगे कैमरे से रिकॉर्ड हुई थी। वहीं नए वीडियो में पीछे चल रहे दूसरे बाइक सवार के नजरिए से पूरी घटना दिखाई देती है।
वीडियो में सफेद कार महिला की बाइक की तरफ बढ़ती हुई दिखाई देती है। इसके बाद कार बाइक को टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद महिला बाइक से गिर जाती हैं और सड़क पर फिसलती हुई दिखाई देती हैं। वीडियो शेयर करने वाले बाइक सवार ने आरोप लगाया है कि कार के ड्राइवर ने महिला की बाइक को जानबूझकर टक्कर मारी।
‘कार बहुत करीब से बाइक का पीछा कर रही थी’
NDTV से बातचीत में वीडियो रिकॉर्ड करने वाले बाइक सवार ने बताया कि सिया उससे आगे निकल गई थीं और तभी उसने देखा कि एक कार उनका पीछा कर रही है। उसके मुताबिक, कार बाइक के बेहद करीब चल रही थी।
शुरुआत में उसे लगा कि शायद कार में सवार व्यक्ति महिला को जानता हो या उससे बात करना चाहता हो। इसके बाद उसने अपनी बाइक कार और सिया की बाइक के बीच ले जाने का फैसला किया।
उसके मुताबिक, कार की खिड़की नीचे करने के बाद उसमें मौजूद लोगों ने महिला की तरफ इशारा किया। महिला ने भी हाथ से इशारा कर कार को दूर रहने के लिए कहा। इसके बाद कार में बैठे व्यक्ति ने कथित तौर पर उन्हें रुकने का इशारा किया।
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले बाइक सवार का दावा है कि कार में तीन लोग थे और वे नशे में थे। उसने यह भी दावा किया कि कार की खिड़कियों पर काली फिल्म लगी हुई थी।
मोड़ के बाद कार ने बढ़ाई रफ्तार
उस बाइक सवार के मुताबिक, बाद में सभी वाहन सेंट्रल प्लाजा के पास पहुंचे, जहां सड़क का रास्ता बदलता है और वाहन एक चौराहे की ओर बढ़ते हैं। उसका आरोप है कि मोड़ के बाद कार ने रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान एक वाहन उसकी बाइक के सामने आ गया, जिसके कारण उसे अपनी रफ्तार कम करनी पड़ी।
उसके मुताबिक, इसी दौरान सिया कार को आगे निकलने देने के लिए सड़क के किनारे की तरफ जा रही थीं। तभी कार उनकी बाइक से टकरा गई और वहां से निकल गई।
टक्कर के बाद कार का पीछा किया
बाइक सवार ने बताया कि हादसे के बाद आसपास लोग सिया के पास इकट्ठा होने लगे थे। ऐसे में उसने कार का पीछा करने का फैसला किया, ताकि ड्राइवर की पहचान कैमरे में रिकॉर्ड की जा सके।
उसका कहना है कि उसे उम्मीद थी कि ट्रैफिक सिग्नल पर कार को रुकना पड़ेगा। वह एक लाल बत्ती तक पहुंचा, जहां दूसरे बाइक सवार भी मौजूद थे। उसने उन्हें कार रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अचानक हुई इस घटना को वे तुरंत समझ नहीं पाए।
इसके बाद वह कार के पास पहुंचा। उसके मुताबिक, ड्राइवर ने खिड़की नीचे की और उसी दौरान उसका चेहरा कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। बाइक सवार ने बताया कि कार के ड्राइवर की जो तस्वीर बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुई, वह इसी दौरान कैमरे में कैद हुई थी। उसने बताया कि टक्कर के बाद भी वह रिकॉर्डिंग इसलिए जारी रखे हुए था, ताकि कार के ड्राइवर की पहचान दर्ज की जा सके।


