10 में चाय और ₹20 में समोसा, अब एयरपोर्ट पर खाने से पहले जेब देखने की टेंशन खत्म

Devendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

हवाई यात्रा को आम नागरिकों के लिए और अधिक किफायती बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। देश के 11 प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत कर दी गई है, जहां यात्री बेहद सस्ते दामों पर नाश्ता और पेय पदार्थ उपलब्ध करा सकेंगे।

10 में चाय और ₹20 में समोसा, अब एयरपोर्ट पर खाने से पहले जेब देखने की टेंशन खत्म

हवाई यात्रा को आम नागरिकों के लिए और अधिक किफायती बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। देश के 11 प्रमुख हवाई अड्डों पर 'उड़ान यात्री कैफे' की शुरुआत कर दी गई है, जहां यात्री बेहद सस्ते दामों पर नाश्ता और पेय पदार्थ उपलब्ध करा सकेंगे। खास बात यह है कि श्रीनगर और जयपुर समेत इन कैफे में चाय मात्र 10 रुपये में मिलेगी, जबकि समोसा, वड़ा पाव जैसी नाश्ते की वस्तुएं सिर्फ 20 रुपये में उपलब्ध होंगी। पानी की बोतल भी 10 रुपये और कॉफी 20 रुपये में दी जा रही है। इससे पहले हवाई अड्डों पर चाय-कॉफी 50 रुपये या उससे अधिक में बिकती थी, जबकि स्नैक्स की कीमतें और भी अधिक होती थीं।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से इन 11 हवाई अड्डों पर उड़ान यात्री कैफे का उद्घाटन किया। इनमें चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (लखनऊ), जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (पटना), राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जम्मू, श्रीनगर, जयपुर और देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (इंदौर) शामिल हैं।

मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि राजकोट हवाई अड्डे से लेकर देश भर के 57 हवाई अड्डों पर यात्री-सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। इनमें उड़ान यात्री कैफे के अलावा डिजी यात्रा, मुफ्त वाई-फाई, फ्लाईब्ररी (मुफ्त पुस्तकालय), बच्चों के लिए विशेष क्षेत्र और स्थानीय स्वयं सहायता समूहों (SHG) के उत्पादों को बढ़ावा देने वाले 'एवीएसएआर' आउटलेट भी शामिल हैं।

कैफे का मेनू और कीमत

  • चाय: 10 रुपये
  • पानी की बोतल: 10 रुपये
  • कॉफी: 20 रुपये
  • नाश्ता (समोसा, वड़ा पाव आदि): 20 रुपये
  • दिन की मिठाई: 20 रुपये

वहीं, पैसेंजर 'उड़ान यात्री कैफे' की जमकर सराहना कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब उन्हें अच्छे भोजन अब एयरपोर्ट पर किफायती दामों पर मिल रहा है। इतना ही नहीं कई हवाई अड्डों पर स्थानीय स्वाद के अनुसार स्नैक्स भी उपलब्ध हैं। जैसे पुणे में वड़ा पाव, चेन्नई में वड़ाई, कोयंबटूर में मेदु वड़ा और विजयवाड़ा में कचौरी या पैटीज मिल रहे हैं। हालांकि, लगभग सभी कैफे में क्लासिक समोसा एक लोकप्रिय और आम आइटम बना हुआ है।

राघव चड्ढा बोले- ₹10 में पी चाय

वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने मुंबई एयरपोर्ट पर सस्ते खाने की व्यवस्था की सराहना की है। उन्होंने उड़ान यात्री कैफे में जाकर मात्र 10 रुपये में चाय पी और इसे आम यात्रियों के लिए राहत बताया। राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वे दिल्ली जा रहे थे और फ्लाइट से पहले चाय पीने के लिए इस कैफे में रुके। वहां उन्होंने कई यात्रियों से बातचीत की। सभी यात्री खुश नजर आए और उन्होंने एक स्वर में कहा कि जेब पर भारी नहीं, बढ़िया सर्विस और पैसे की पूरी कीमत।

चड्ढा ने पोस्ट में जोर देकर कहा कि एयरपोर्ट पर किफायती खाना मुमकिन है और मुंबई एयरपोर्ट का यह उड़ान यात्री कैफे इसका जीता-जागता सबूत है। बता दें कि राघव चड्ढा ने संसद में एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पानी के मुद्दे को पहले उठाया था, जिसके बाद केंद्र सरकार की ओर से कई एयरपोर्ट्स पर 'उड़ान यात्री कैफे' शुरू किए गए हैं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें